Friday, 13 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

NEET UG 2027 Date: 2 मई को होगी परीक्षा, इस साल भी पेन-पेपर मोड में होगी परीक्षा, जानिए पूरी डिटेल

INT News13 November 2026 at 05:36 am

NEET UG 2027 Date: पटना: नीट यूजी 2027 का आयोजन दो मई को होगा. इस बार भी परीक्षा ऑफलाइन यानी पेन-पेपर मोड में ही करायी जायेगी. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के एक अधिकारी के अनुसार, ऑनलाइन परीक्षा कराने के लिए देशभर में पर्याप्त कंप्यूटर केंद्र और तकनीकी संसाधन उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में मई 2027 में होने वाली परीक्षा के लिए इतने कम समय में ऑनलाइन परीक्षा का बुनियादी ढांचा तैयार करना मुश्किल है. इस बार नीट यूजी में 25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. अधिकारी ने बताया कि परीक्षा के आयोजन और स्वरूप को लेकर जनवरी 2027 में एनटीए और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के बीच बैठक होगी. इसमें परीक्षा की तैयारियों और भविष्य में ऑनलाइन परीक्षा कराने की संभावनाओं पर चर्चा की जायेगी. फिलहाल उपलब्ध संसाधनों को देखते हुए वर्ष 2027 की परीक्षा भी ऑफलाइन मोड में करायी जायेगी.

खास बातें

-जनवरी में एनटीए और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के बीच होगी अहम बैठक

-नंदन नीलेकणी कमेटी की रिपोर्ट में देरी से ऑनलाइन परीक्षा की तैयारी पर असर

-25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान

-देशभर में ऑनलाइन परीक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन जुटाना बड़ी चुनौती

27 जनवरी तक रिपोर्ट सौंपेगी नंदन नीलेकणी कमेटी

नीट यूजी समेत देश की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं में पारदर्शिता और व्यवस्था में सुधार के लिए गठित छह सदस्यीय उच्चस्तरीय कार्यबल की रिपोर्ट का भी इंतजार है. केंद्र सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे के अनुसार, नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता वाली समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 27 जनवरी 2027 तक का समय दिया गया है. परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित इस समिति को छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और विशेषज्ञों से अब तक 50 हजार से अधिक सुझाव मिल चुके हैं. इसमें बड़ी संख्या में नीट यूजी के लिए ऑफलाइन एग्जाम कराने का सुझाव प्राप्त हुआ है. सूत्रों ने बताया कि रिपोर्ट आने में देरी के कारण भी नीट यूजी 2027 की परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी. जनवरी अंत में रिपोर्ट आने के बाद नीट यूजी 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया फरवरी 2027 में शुरू हो जायेगी.

रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की रणनीति

अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद नीट यूजी समेत अन्य प्रवेश परीक्षाओं में सुधार को लेकर आगे की बैठकों और नीतिगत निर्णयों पर काम होगा. ऐसे में मई 2027 में होने वाली नीट यूजी परीक्षा से पहले ऑनलाइन परीक्षा के विकल्प पर अंतिम फैसला होना मुश्किल माना जा रहा है. रिपोर्ट सौंपने की समय-सीमा और परीक्षा के आयोजन के बीच कम अंतर होने के कारण देशभर में कंप्यूटर आधारित परीक्षा की व्यवस्था तैयार करना एनटीए के लिए बड़ी चुनौती होगी.

बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

अभ्यर्थियों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार

नीट यूजी 2027 में 25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है. इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के लिए एक साथ ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करने के लिए पर्याप्त कंप्यूटर, परीक्षा केंद्र, इंटरनेट और तकनीकी निगरानी की व्यवस्था जरूरी होगी. फिलहाल दो मई को परीक्षा आयोजित किये जाने की तैयारी पर एनटीए काम कर रहा है. हालांकि, एनटीए नीट यूजी की तैयारी का विवरण केंद्रीय शिक्षा विभाग को सौैंपेगा इसके बाद केंद्र शिक्षा विभाग इस पर अंतिम निर्णय लेगा और आवेदन की तिथि के साथ परीक्षा की तिथि जारी की जायेगी.

Also Read: बिहार के सीमांचल में डेमोग्राफी चेंज जारी, किशनगंज-अररिया समेत इन जिलों में निगरानी तेज, खुफिया एजेंसियां अलर्ट...