समाचार · मध्य प्रदेश
मोहन भागवत भोपाल पहुंचे, जैन मुनि से मिलेंगे:समिधा में करेंगे पदाधिकारियों से बैठक, इंदौर में बैठक से पहले अचानक राजधानी आए संघ प्रमुख
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत बुधवार सुबह अचानक भोपाल पहुंचे। वे यहां एमपी नगर के पास जैन मुनि समय सागर के चातुर्मास स्थल पर उनसे मुलाकात करेंगे। भोपाल पहुंचने पर संघ प्रमुख का स्वागत स्वप्निल कुलकर्णी, संघ के प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता और कैलाश लोवंशी ने किया। भोपाल प्रवास के बाद भागवत इंदौर रवाना होंगे, जहां संघ के शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर आयोजित ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। समिधा में पदाधिकारियों के साथ बैठक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भोपाल पहुंचने के बाद भागवत समिधा में रहेंगे। यहां वे संघ के अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर पौने 3 बजे से शाम साढ़े 4 बजे के बीच जैन मुनि समय सागर से मुलाकात का कार्यक्रम है। इसके बाद वे इंदौर के लिए रवाना होंगे। इंदौर में एक लाख स्वयंसेवकों के जुटने का अनुमान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के समापन के अवसर पर बुधवार को इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4:30 बजे से शुरू होगा। आयोजकों के अनुसार, इसमें करीब एक लाख स्वयंसेवकों के शामिल होने का अनुमान है। आयोजन मालवा प्रांत के इंदौर विभाग की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम में संघ के प्रमुख राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ इंदौर महानगर और महू ग्रामीण क्षेत्र के सक्रिय स्वयंसेवक शामिल होंगे। समाज के प्रबुद्ध वर्ग की मौजूदगी भी रहेगी। आयोजन के जरिए स्वयंसेवकों और समाज को राष्ट्र निर्माण के कार्य में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया जाएगा। संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वर्षभर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘चरैवेति-एकत्रीकरण’ इसी श्रृंखला का समापन कार्यक्रम है।