समाचार · बिहार
पटना में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, दो दिन में 33.62 लाख रुपये का जुर्माना

पटना से रिया की रिपोर्ट
Patna Traffic Police : बिहार की राजधानी पटना में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. शहर के विभिन्न स्थानों से प्राप्त वीडियो फुटेज, इमेज और एएनपीआर कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर चालान काटे जा रहे हैं.
2 दिनों में 2622 वाहनों पर कार्रवाई
पटना ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को कुल 2,622 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इन पर कुल 33 लाख 62 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया. 25 अक्टूबर को 1,369 वाहनों का चालान काटा गया, जिससे 17 लाख 49 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं, 26 अक्टूबर को 1,253 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 लाख 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.
बिना हेलमेट चलाने वालों की संख्या सबसे ज्यादा
जारी आंकड़ों के मुताबिक, दोनों दिनों में बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामले सबसे अधिक रहे. 25 अक्टूबर को 906 और 26 अक्टूबर को 794 वाहनों पर इस उल्लंघन के लिए कार्रवाई की गई. इस तरह दो दिनों में कुल 1,700 वाहन चालकों का बिना हेलमेट चलाने पर चालान काटा गया.
बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने के 503 मामले
इसके अलावा बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने के 503 मामले सामने आए. रेड लाइट जंप करने के 146 और ट्रिपल राइडिंग के 85 मामलों में भी कार्रवाई की गई. वहीं, ओवरस्पीडिंग के 113 मामलों में चालान काटे गए. 25 अक्टूबर को ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल के दो मामले सामने आए, जबकि 26 अक्टूबर को ऐसे तीन मामलों में कार्रवाई की गई. सीट बेल्ट नहीं लगाने, गलत दिशा में वाहन चलाने और नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया.
पटना ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है. पुलिस की कैमरा आधारित निगरानी के कारण अब नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : मसौढ़ी के गोपालपुर में डेढ़ साल से जलजमाव, 50 फीट तक सड़क पर गंदा पानी, छठ से पहले मिलेगी राहत?