Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रतलाम में मार्ट की तिजोरी से 5.35 लाख रुपए गायब:सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग की डिलीट; असिस्टेंट मैनेजर पर केस

INT News11 August 2026 at 03:52 pm

रतलाम सैलाना बस स्टैंड स्थित एक बड़े शॉपिंग मार्ट की तिजोरी से 5 लाख 35 हजार रुपए गायब हो गए। मार्ट के असिस्टेंट मैनेजर संतोष कुमार पाठक पर रुपए लेकर भागने का आरोप है। पुलिस ने उसके खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। स्टोर मैनेजर कमलेश पखाले ने स्टेशन रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि 9 अगस्त की रात उनकी और असिस्टेंट मैनेजर संतोष कुमार पाठक की रात 2 बजे तक ड्यूटी थी। रात में मार्ट में एक ट्रक से सामान आया था। संतोष कुमार पाठक और बीओएच इंचार्ज करण सिसोदिया सामान उतरवा रहे थे। इसी दौरान स्टोर मैनेजर ने कैश रूम की चाबी संतोष को दी और रात करीब 1.30 बजे घर चले गए। सुबह तिजोरी में नहीं मिले रुपए 10 अगस्त की सुबह डिपार्टमेंटल मैनेजर पंकज शेर कैश काउंटर पर पहुंचे। उन्होंने तिजोरी खोली तो उसमें रखे 5 लाख 35 हजार रुपए नहीं मिले। उन्होंने इसकी जानकारी स्टोर मैनेजर को दी। इसके बाद स्टोर मैनेजर अन्य कर्मचारियों के साथ मार्ट पहुंचे। उन्होंने CCTV रिकॉर्डिंग देखी तो रात 2.30 बजे से 3 बजे तक की रिकॉर्डिंग डिलीट मिली। दोनों मोबाइल बंद मिले पुलिस के अनुसार, असिस्टेंट मैनेजर संतोष कुमार पाठक करीब 4 से 5 महीने पहले ही रतलाम आया था। इससे पहले वह कोलकाता और दिल्ली में भी इसी शॉपिंग मॉल में काम कर चुका है। स्टोर मैनेजर ने संतोष के दोनों मोबाइल नंबरों पर कॉल किया। दोनों नंबर बंद मिले। इसके बाद उसके घर जाकर भी देखा गया, लेकिन वह वहां नहीं मिला। स्टेशन रोड थाने के सब इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया ने बताया कि संतोष कुमार पाठक के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।