समाचार · बिहार
हवेली खड़गपुर: जदयू नेता के आवास पर अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, मौके से सात खोखे बरामद

हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रतैठा पाठक टोला गांव में बुधवार की देर रात अपराधियों ने जदयू के प्रखंड उपाध्यक्ष सह 20 सूत्री सदस्य राजीव रंजन उर्फ बबलू झा के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. अचानक हुई गोलीबारी की आवाज से पूरा गांव दहल उठा और घटना के बाद से पीड़ित परिवार के बीच भय का माहौल बना हुआ है. सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी है.
जमीन विवाद को लेकर भू-माफियाओं पर जताई आशंका
घटना के संबंध में राजीव रंजन उर्फ बबलू झा ने बताया कि उनकी जमीन पर कुछ भू-माफिया जबरन कब्जा करना चाहते हैं, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि बुधवार को वे दिनभर 'नीतीश संवाद' कार्यक्रम को लेकर विभिन्न पंचायतों में आयोजित बैठकों में व्यस्त थे. देर रात घर लौटने के कुछ देर बाद ही अपराधियों ने उनके आवास को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर परिवार के सभी सदस्य सहम गए.
बबलू झा ने आशंका जताई है कि जमीन विवाद को लेकर ही इस घटना को अंजाम दिया गया है. हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, सात खोखे बरामद
इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो में सात खोखे दिखाई देने की बात कही जा रही है, जबकि पीड़ित पक्ष का दावा है कि अपराधियों ने दर्जनों राउंड गोलियां चलाई हैं. पुलिस ने मौके से सात खोखे बरामद किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुट गई है.