समाचार · मध्य प्रदेश
रिश्तेदार ने नाबालिग को अगवा कर होटल में रेप किया:धमकाकर छोड़ा, शादी का प्रस्ताव ठुकराने से था नाराज; केस दर्ज
ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिश्तेदारी का एक युवक बातचीत करने के बहाने किशोरी को कार में बैठाकर ले गया और होटल में ले जाकर जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले आरोपी के परिजनों ने किशोरी के लिए रिश्ते का प्रस्ताव रखा था, लेकिन नाबालिग होने के कारण उसके परिजनों ने इनकार कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। घटना 25 जुलाई की बताई जा रही है। डरी-सहमी किशोरी ने छह दिन बाद परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में शुक्रवार को मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दवा लेने गई थी किशोरी, बातचीत के बहाने कार में बैठाया बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई की शाम करीब 5 बजे वह तबीयत खराब होने पर किशनबाग स्थित एक मेडिकल स्टोर से दवा लेने गई थी। इसी दौरान उसका दूर का रिश्तेदार साहिद अहमद ऑल्टो कार लेकर वहां पहुंचा। परिचित होने के कारण उसने बातचीत के बहाने किशोरी को कार में बैठा लिया। जब किशोरी ने साथ जाने से मना किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और जबरन कार लेकर निकल गया। होटल में ले जाकर किया दुष्कर्म आरोप है कि साहिद किशोरी को जबरन पुरानी छावनी स्थित एक होटल में ले गया। वहां कमरे नंबर 105 में जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी किशोरी को वापस किशनबाग के पास छोड़कर फरार हो गया। नाबालिग होने के कारण टल गई थी शादी की बात घटना के बाद आरोपी की धमकियों से डरी किशोरी कई दिनों तक चुप रही। शुक्रवार को उसने हिम्मत जुटाकर मां और मौसी को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले आरोपी के परिजनों ने किशोरी के लिए शादी का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, किशोरी के नाबालिग होने के कारण उसके परिजनों ने बालिग होने तक सगाई और शादी की बात टाल दी थी। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि किशोरी की शिकायत पर आरोपी साहिद अहमद के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।