समाचार · पंजाब
फाजिल्का में पति ने ससुराल में किया हंगामा:पत्नी को लेने पहुंचा, ईंट-पत्थर चले, 19 दिन के बच्चे को फेंकने के प्रयास का आरोप
फाजिल्का स्थानीय गांधीनगर इलाके में पारिवारिक विवाद को लेकर पति-पत्नी और ससुराल पक्ष के बीच जमकर लात-घूंसे और ईंट-पत्थर चलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे पति ने शराब के नशे में धुत होकर जमकर हंगामा किया, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बीच गली में पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला चरणजीत कौर ने बताया कि उसकी शादी जलालाबाद के गांव पालीवाला में हुई है। उसका आरोप है कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट और झगड़ा करता है। चरणजीत कौर ने बताया कि हाल ही में मेरा सिजेरियन (ऑपरेशन) हुआ है और करीब 19 दिन पहले ही मैंने बेटे को जन्म दिया है। इसी कारण मैं अपने मायके गांधीनगर आई हुई थी। मेरा पति शराब के नशे में धुत होकर मुझे लेने आया और जबरन बच्चे को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा।" 19 दिन के बच्चे किसी तरह से बचाया महिला ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विवाद बढ़ने पर उसके पति ने 19 दिन के नवजात बच्चे को जमीन पर फेंकने का प्रयास भी किया, लेकिन उसने मुस्तैदी दिखाते हुए बच्चे को जैसे-तैसे बचा लिया। इसके बाद आरोपी ने अपनी सास (महिला की मां) के साथ भी मारपीट की और गली में ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। महिला की मां सुखजीत कौर ने भी अपने दामाद पर नशे में मारपीट करने और बेवजह हंगामा खड़ा करने के आरोप लगाए हैं।
112 नंबर पर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस कर्मचारी रूबी ने बताया कि आपातकालीन नंबर 112 पर गांधीनगर की एक गली में भारी लड़ाई-झगड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर झगड़े को शांत करवाया। पुलिस के अनुसार, स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए एक पक्ष को तुरंत थाने भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।