Tuesday, 3 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Oman Ship Attack: भारतीय नाविक की मौत, MEA ने की हमले की निंदा; 13 भारतीयों को बचाया गया

INT News3 November 2026 at 12:31 pm

भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है. साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया है.

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, जहाज पर सोमवार शाम ओमान के लीमाह (Limah) के पास हमला हुआ. हादसे में घायल हुए एक भारतीय नागरिक ने दम तोड़ दिया. ओमान स्थित भारतीय दूतावास वहां के अधिकारियों के संपर्क में है. दूतावास 13 सुरक्षित बचाए गए भारतीयों और मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए समन्वय कर रहा है.

गुजरात के नाविक की हुई मौत

केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने बताया कि जहाज पर सवार 14 भारतीय नाविकों में से 13 को ओमान के तटरक्षक बल ने सुरक्षित बचा लिया. वहीं, गुजरात के रहने वाले नाविक गांधार नाहिम अजीज की चोटों के कारण मौत हो गई. मंत्री के मुताबिक, जहाज को ओमान के तट के पास एक अज्ञात हवाई वस्तु ने निशाना बनाया था.

MEA ने कहा- व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना बंद हो

विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं. भारत ने एक बार फिर तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को जल्द पूरा करने की अपील की है.

MEA ने अपने बयान में कहा कि क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए. अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही तथा व्यापार जल्द बहाल किया जाना जरूरी है. मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री मार्गों पर स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया.

ये भी पढ़ें: Cyclone: नवंबर 2013 में भी एकसाथ आए थे हेलेन और लेहर, आखिर बंगाल की खाड़ी में एक के बाद एक क्यों बनते हैं चक्रवात?

ओमान में भारतीय दूतावास कर रहा निगरानी

भारत का दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है. उसका प्रयास है कि सुरक्षित बचाए गए सभी भारतीय नागरिकों की जल्द स्वदेश वापसी हो सके और मृतक का पार्थिव शरीर भी भारत लाया जा सके.

फिलहाल हमले के पीछे किसका हाथ है और किस हथियार का इस्तेमाल किया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है. विदेश मंत्रालय ने भी अपने बयान में हमलावर या हमले के तरीके की जानकारी नहीं दी है.