समाचार · झारखंड
चाय तक नहीं पीते थे निर्भय सिंह, रोज करते थे योग-व्यायाम, फिर भी हार्ट अटैक से निधन ने चौंकाया

जमशेदपुर : भाजपा नेता अभय सिंह के जुड़वां भाई निर्भय सिंह के निधन से शहर में शोक की लहर है. उनके असामयिक निधन ने परिवार, समर्थकों और परिचितों को गहरा सदमा पहुंचाया है. सबसे अधिक चर्चा उनकी जीवनशैली को लेकर हो रही है. बताया जा रहा है कि निर्भय सिंह पूरी तरह शाकाहारी थे और वीगन डाइट लेते थे. वह चाय तक नहीं पीते थे. रोजाना करीब एक घंटे योग करते थे और व्यायाम भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा था. वह एक व्यायामशाला का संचालन भी करते थे. इसके बावजूद हार्ट अटैक से उनके निधन की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है.
शनिवार दोपहर एक बजे निकलेगी अंतिम यात्रा
निर्भय सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा. अभय सिंह ने बताया - दोपहर एक बजे काशीडीह स्थित आवास से अंतिम यात्रा निकलेगी. यह भुइयांडीह स्थित सुवर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें : निर्भय सिंह के निधन से जमशेदपुर स्तब्ध : किसी ने बताया अभिभावक तो किसी ने कहा बड़ा भाई, नेताओं के संदेश में छलका दर्द
गोवा में है बेटा, पिता के निधन की खबर सुन लौट रहा शहर
निर्भय सिंह की दो बेटियां और एक बेटा है. उनकी बड़ी बेटी जमशेदपुर कोर्ट में अधिवक्ता हैं, जबकि छोटी बेटी 11वीं कक्षा की छात्रा है. उनका बेटा क्रिकेट खेलने के लिए गोवा गया हुआ है. पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद वह बदहवास हो गया और जमशेदपुर के लिए रवाना हो चुका है. बेटे के लौटने के बाद शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा.
भाई अभय सिंह की राजनीतिक यात्रा में निभाई अहम भूमिका
निर्भय सिंह और अभय सिंह जुड़वां भाई थे. दोनों के बीच गहरा जुड़ाव था. बताया जाता है कि अभय सिंह के राजनीतिक सफर में निर्भय सिंह की अहम भूमिका रही. वह खुद पर्दे के पीछे रहकर जमीन पर काम करते थे और भाई के लिए राजनीतिक आधार तैयार करने में जुटे रहते थे. अभय सिंह के एक साधारण कार्यकर्ता से भाजपा के प्रदेश स्तर के नेता बनने तक के सफर में निर्भय सिंह का महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है.
सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में रहते थे सक्रिय
शहर के प्रसिद्ध हिंदूवादी ठाकुर प्यारा सिंह के पोते और ठाकुर धुरंधर सिंह के पुत्र निर्भय सिंह सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे. वह ठाकुर प्यारा सिंह-धुरंधर सिंह क्लब, काशीडीह से भी जुड़े थे. उनके निधन की खबर मिलने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें : Video : ‘मेरे साथ भगवान ने बहुत गलत किया...’ भाई निर्भय को याद कर छलका अभय सिंह का दर्द