समाचार · हरियाणा
जीटी रोड फ्लाईओवर पर थिनर का टैंकर पलटा:सड़क पर बहा केमिकल; आग के खतरे से बंद कराया रास्ता, लगा जाम
पानीपत में जीटी रोड पर खादी आश्रम के सामने शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। फ्लाईओवर पर दिल्ली की ओर जा रहा थिनर से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे टैंकर में भरा थिनर सड़क पर फैलने लगा। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग लगने की आशंका पैदा हो गई। एहतियात के तौर पर फ्लाईओवर पर यातायात रोक दिया गया। फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और सड़क पर फैले थिनर पर लगातार पानी की बौछारें डालती रहीं। एंबुलेंस और पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया गया। रात 11 बजे तक राहत एवं बचाव कार्य जारी था। हादसा रात करीब नौ बजे पानीपत से दिल्ली जाने वाले रूट पर हुआ। खादी आश्रम के सामने फ्लाईओवर पर थिनर से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भरा थिनर सड़क पर बहने लगा। देखते ही देखते फ्लाईओवर पर केमिकल फैल गया। थिनर के ज्वलनशील होने के कारण वहां आग लगने का खतरा पैदा हो गया। ऐसे में पुलिस ने एहतियात बरतते हुए फ्लाईओवर का रास्ता बंद करा दिया। छह दमकल गाड़ियां पहुंचीं, सड़क पर बरसाया पानी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने सड़क पर फैले थिनर पर पानी की बौछारें डालनी शुरू कर दीं। इसका उद्देश्य केमिकल के खतरे को नियंत्रित करना और आग लगने की आशंका को कम करना था। मौके पर एंबुलेंस भी तैनात की गई। पुलिस बल ने आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाली और वाहनों की आवाजाही रुकवा दी। फ्लाईओवर से ही वाहन वापस लौटाए, लगा जाम फ्लाईओवर बंद होने के कारण जीटी रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने फ्लाईओवर से ही वाहनों को वापस मोड़ना शुरू कर दिया। इसके चलते सड़क पर वाहनों की कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। रात करीब 11 बजे तक फ्लाईओवर पर हालात सामान्य नहीं हो पाए थे। राहत कार्य जारी रहने के कारण वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी।