समाचार · झारखंड
निर्भय सिंह ने निधन के कुछ घंटे पहले ही दी थी धनतेरस की बधाई, चार साल पहले भी बिगड़ी थी तबीयत, पढ़ें पूरी खबर

जमशेदपुर : भाजपा नेता अभय सिंह के जुड़वां भाई निर्भय सिंह का निधन हो गया है. उनके असामयिक निधन से परिवार, समर्थकों और शहर के सामाजिक-राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है. निर्भय सिंह सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे. शनिवार को काशीडीह स्थित आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी.
चार साल पहले कोलकाता में हुआ था इलाज
परिजनों के अनुसार, करीब चार साल पहले भी निर्भय सिंह की तबीयत बिगड़ गई थी. उस समय उनके हृदय में परेशानी हुई थी और उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के सीसीयू में भर्ती कराया गया था. बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता ले जाया गया था. इलाज के बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ. इस घटना के बाद से वह अपने स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहते थे.
निधन से कुछ घंटे पहले तक सोशल मीडिया पर थे सक्रिय
निर्भय सिंह निधन से कुछ घंटे पहले तक सोशल मीडिया पर सक्रिय थे. शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे उन्होंने फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों को धनतेरस की शुभकामनाएं दी थीं. उन्होंने बाकायदा पोस्ट साझा कर पर्व की बधाई दी थी. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट साबित होगी. कुछ ही घंटे बाद उनके निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया.
शाकाहारी व्यक्ति को भी हो सकती है हार्ट ब्लॉकेज की समस्या
इस संबंध में जमशेदपुर के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ आरएन राय ने बताया - शाकाहारी और वीगन डाइट लेने वाले व्यक्ति को भी हार्ट ब्लॉकेज की समस्या हो सकती है. शाकाहारी भोजन में भी वसा की मात्रा अधिक हो सकती है. इसलिए केवल शाकाहारी भोजन करना हृदय रोग से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं है. हालांकि, निर्भय सिंह के मामले में हृदय संबंधी परेशानी की वास्तविक वजह क्या थी, यह मेडिकल जांच और रिपोर्ट के बिना बताना संभव नहीं है.