Saturday, 7 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

15 साल के वैभव को कप्तानी मिलने पर बोले मनीष ओझा, कहा- इतनी कम उम्र में यह जिम्मेदारी मिलना गर्व की बात

INT News7 November 2026 at 12:21 am

Manish Ojha: बिहार क्रिकेट में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी को राज्य की सीनियर क्रिकेट टीम की कमान सौंपी गई है. आगामी सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने 17 सदस्यीय टीम घोषित की है, जिसमें वैभव को कप्तान बनाया गया है. इस फैसले पर बिहार के मुख्य कोच मनीष ओझा ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने इसे अपने लिए गर्व का पल बताया और कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव को यह जिम्मेदारी मिलना बड़ी उपलब्धि है.

'कप्तानी की जिम्मेदारी काफी बड़ी'

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में मनीष ओझा ने कहा कि वैभव की उम्र को देखते हुए कप्तानी की जिम्मेदारी काफी बड़ी है, लेकिन युवा बल्लेबाज ने अपने प्रदर्शन और सीनियर स्तर पर मिले अनुभव से यह जिम्मेदारी हासिल की है. कोच के मुताबिक, वैभव पहले भी नेतृत्व की भूमिका में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं.

ओझा ने कहा, "अगर आप देखें तो यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, खासकर वैभव की उम्र को देखते हुए. हालांकि, इससे पहले चयनकर्ताओं ने उन्हें दलीप ट्रॉफी में उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी दी थी और उन्होंने इस भूमिका को बहुत अच्छी तरह निभाया था."

मनीष ओझा ने बताया कि दलीप ट्रॉफी में वैभव के प्रदर्शन और उनकी नेतृत्व क्षमता को देखते हुए बिहार के चयनकर्ताओं ने उन्हें अब सीनियर टीम की कप्तानी सौंपने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि वैभव फिलहाल भारतीय टीम का भी हिस्सा हैं और सीनियर स्तर पर अपने प्रदर्शन से उन्होंने अपनी दावेदारी मजबूत की है.

यह हमारे लिए गर्व का पल

वैभव की कम उम्र में कप्तानी को लेकर ओझा ने कहा, "यह बहुत गर्व का पल है. मैं कहूंगा कि यह अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है. अगर आप आंकड़ों पर ध्यान दें तो मुझे नहीं लगता कि इतनी कम उम्र में किसी और खिलाड़ी को कप्तान बनाया गया होगा."

उन्होंने आगे कहा कि वैभव को मिली इस जिम्मेदारी से उनके परिवार, टीम और कोचिंग स्टाफ को भी गर्व महसूस हो रहा है. उम्मीद है कि वह चयनकर्ताओं, खिलाड़ियों और दर्शकों की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे.

बिहार की 17 सदस्यीय टीम घोषित, सूरज कश्यप उपकप्तान

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है. वैभव सूर्यवंशी को कप्तान, जबकि सूरज कश्यप को उपकप्तान बनाया गया है.

टीम में आलोक कुमार, आयुष लोहारुका, अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार, रित्विक राज, मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आकाश कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह को जगह मिली है. वहीं, मंगल महरौर और शाकिब हुसैन की फिटनेस पर अंतिम फैसला होना बाकी है.

आईपीएल में धमाल मचाने के बाद टीम इंडिया में बनाई जगह

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से काफी सुर्खियां बटोरी थीं. आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने भारतीय टीम में भी जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखाई.

न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल में वैभव ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 43 गेंदों में 133 रन की साझेदारी की. वैभव ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों में 113 रन की तूफानी पारी खेली.

ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी बने बिहार के कप्तान, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 17 सदस्यीय टीम घोषित