समाचार · छत्तीसगढ़
बेमेतरा में जुआ खेलते 12 लोग पकड़े गए:साजा के लालपुर और भरतपुर में पुलिस की दबिश, 8,130 रुपए और ताश की 52 पत्ती जब्त
बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो जगह दबिश देकर जुआ खेलते 12 लोगों को पकड़ा। पुलिस ने उनके पास से 8,130 रुपए नकद और ताश की 52 पत्ती जब्त की। दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लालपुर में आजाद चौक के पास और ग्राम भरतपुर में डबरी तालाब के पास कुछ लोग ताश से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। साजा पुलिस की टीम ने दोनों जगह अलग-अलग दबिश दी। कुछ लोग पुलिस को देखकर भाग गए, जबकि 12 लोगों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए लोगों में ग्राम लालपुर के भूपेंद्र यादव (41), लक्ष्मीनारायण वर्मा (25), प्रीतकुमार साहू (34), श्रवण साहू (39), खुलेश्वर यादव (26) और सुनील पटेल (34) शामिल हैं। साजा के कमल किशोर यादव (25), हसन खान (26), भीम उर्फ मनीष साहू (21), गजानंद यादव (24), शेखर यादव (26) और अशोक ठाकुर (24) को भी पकड़ा गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है। दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।