समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से अलर्ट:पुलिस-बम स्क्वॉड ने एक किमी के दायरे में की तलाशी, भिंड से फोन करने वाला हिरासत में
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार देर रात बम रखे होने की सूचना मिली। पुलिस और रेलवे प्रशासन अलर्ट हो गए। त्योहार के चलते स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ थी। ग्वालियर पुलिस और जीआरपी के साथ बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें स्टेशन पहुंचीं। उन्होंने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट घर और अन्य जगहों की जांच की। पुलिस ने स्टेशन के आसपास करीब एक किलोमीटर के दायरे में भी तलाशी की। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि सूचना भिंड से दी गई थी। भिंड पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। जांच में बम की सूचना निराधार निकली। पकड़े गए व्यक्ति को मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। ग्वालियर जीआरपी बिजी थाना प्रभारी दीपशिखा तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने स्टेशन और आसपास के इलाके की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने बताया कि भिंड पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। बम की सूचना पूरी तरह निराधार निकली है। फिलहाल पूरे स्टेशन की जांच पूरी कर ली गई है और किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका नजर नहीं आई है।