Saturday, 7 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

नारनौल में रोडवेज बस के परिचालक से अवैध हथियार बरामद:हिसार से जयपुर जा रही थी भिवानी डिपो की बस; गुप्त सूचना पर डायल-112 टीम ने रुकवाया

INT News7 November 2026 at 12:22 am

धनतेरस की रात नारनौल में पुलिस ने सिंघाना रोड पर हरियाणा रोडवेज की बस के परिचालक से अवैध हथियार बरामद किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिसार से जयपुर जा रही रोडवेज बस के परिचालक के पास अवैध असला है। सूचना के आधार पर डायल-112 की टीम ने बस को रेनबो हॉस्पिटल के पास रुकवाकर जांच की। तलाशी के दौरान परिचालक के कब्जे से अवैध हथियार बरामद हुआ। इसके बाद सिटी थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया और आगामी कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, हरियाणा राज्य परिवहन की बस भिवानी डिपो की है। बस हिसार से जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को बस के परिचालक हांसी जिला के मुरादपुर गांव निवासी सुरेंद्र के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली। डायल-112 की टीम ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए बस को सिंघाना रोड पर रेनबो हॉस्पिटल के नजदीक रुकवाया और परिचालक की जांच की। जांच के दौरान उसके कब्जे से अवैध हथियार बरामद होने की बात सामने आई। एसएचओ को मौके पर बुलाया हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने सिटी थाना प्रभारी को भी मौके पर बुलाया। पुलिस ने परिचालक को हिरासत में लेकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। बरामद हथियार को कब्जे में लेकर उसके संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि परिचालक के पास हथियार कहां से आया और वह इसे लेकर बस में क्यों चल रहा था। 30 मिनट तक बस में परेशान हुई सवारियां कार्रवाई के दौरान करीब 30 मिनट तक बस सड़क पर खड़ी रही। इससे बस में सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री धनतेरस की रात अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, लेकिन पुलिस कार्रवाई के चलते उन्हें इंतजार करना पड़ा। बाद में परिवहन विभाग की ओर से दूसरे परिचालक की व्यवस्था की गई, जिसके बाद बस को आगे के लिए रवाना किया गया। धनतेरस की रात लगा जाम बस के सड़क पर खड़े रहने और पुलिस कार्रवाई के चलते सिंघाना रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। धनतेरस के चलते शहर में पहले से ही बाजारों में काफी भीड़ थी। ऐसे में बस रुकने के कारण आसपास के मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। इससे रात के समय खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद यातायात सामान्य हुआ।