समाचार · पंजाब
फाजिल्का में घर के बाहर मिला नवजात का शव:लिफाफे में बंद था, पुलिस पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी
फाजिल्का जिले के लाधुका क्षेत्र की बस्ती चंडीगढ़ में एक नवजात बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव एक महिला के घर के सामने सड़क किनारे दीवार के साथ रखे एक लिफाफे में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर चौकी लाधुका पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। चौकी इंचार्ज बलकार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बस्ती चंडीगढ़ में एक घर के बाहर लिफाफे में नवजात बच्चे का शव पड़ा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस जांच में जुटी प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि मृतक नवजात लड़का है और उसकी उम्र करीब आठ महीने के आसपास प्रतीत होती है। हालांकि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया और उसकी पहचान क्या है। जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।