Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

सेना के खिलाड़ियों से मिले राजनाथ सिंह, CWG में भारत के लिए जीते थे 16 मेडल

INT News14 August 2026 at 07:53 pm

Rajnath Singh with CWG Medal Winners: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026(CWG) में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय सेना के पदक विजेता खिलाड़ियों से फ्राइडे को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुलाकात की. ग्लासगो में देश का मान बढ़ाने वाले इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 16 पदक अपने नाम किए थे, जिनमें 8 गोल्ड, 7 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज शामिल हैं. मुलाकात के दौरान राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और देश के लिए उनके योगदान की सराहना की.

सेना प्रमुख ने भी किया था सम्मानित

ग्लासगो में मिली इन उपलब्धियों के बाद शुक्रवार को रक्षा मंत्री के साथ हुई मुलाकात ने खिलाड़ियों के लिए इस सफलता को और खास बना दिया. राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देश और भारतीय सेना दोनों के लिए गौरव का विषय बताया. राजनाथ सिंह से मुलाकात से पहले सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने भी ग्लासगो में शानदार प्रदर्शन करने वाले सेना के खिलाड़ियों से मुलाकात की. उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया.

सेना के खिलाड़ियों ने जीते 16 मेडल

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने कुल 39 पदक जीते थे. इनमें भारतीय सेना के 15 खिलाड़ियों ने अकेले 16 पदक अपने नाम किए. खास बात यह रही कि भारत के 13 गोल्ड मेडल में से 8 स्वर्ण पदक सेना के खिलाड़ियों के खाते में आए. इन खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, पैरा-एथलेटिक्स, जूडो और वेटलिफ्टिंग जैसे अलग-अलग खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था.

Also Read: BCCI ने जारी किया घरेलू क्रिकेट का शेड्यूल, 23 अगस्त से दलीप ट्रॉफी तो 11 अक्टूबर से रणजी टूर्नामेंट का आगाज

बॉक्सिंग में सबसे ज्यादा गोल्ड

सेना के खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन किया था. भारतीय मुक्केबाजों ने कुल 6 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते. हवलदार सचिन सिवाच, हवलदार अंकुश पंघाल, हवलदार साक्षी, हवलदार अरुंधति चौधरी, नायब सूबेदार प्रीति और नायब सूबेदार जैस्मीन लाम्बोरिया ने अपने-अपने वर्ग में गोल्ड मेडल जीता था. जूडो में हवलदार हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था, जबकि पैरा शॉट पुट F57 में सूबेदार सोमन राणा ने गोल्ड जीता था.

नीरज चोपड़ा और गुलवीर सिंह भी रहे शामिल

भारतीय सेना के पदक विजेताओं में स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा भी शामिल रहे. लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था. वहीं नायब सूबेदार गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर में सिल्वर और 5,000 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था. सर्वेश कुशारे ने हाई जंप में सिल्वर, वल्लूरी अजया बाबू ने वेटलिफ्टिंग में सिल्वर और लांस नायक शुभम जुयाल ने पैरा शॉट पुट में रजत पदक जीता था.

Also Read: पहाड़ों के बीच योग मुद्रा में बैठे दिखे अभिषेक शर्मा और युवराज सिंह, गुरु-शिष्य की जोड़ी को फैंस कर रहे पंसद