समाचार · मध्य प्रदेश
श्योपुर में बढ़ते अपराध पर लोगों में आक्रोश:मंजीरे बजाकर किया थाने का घेराव; चाकूबाजी, चोरी और रेप की घटनाओं से नाराजगी
श्योपुर में मंगलवार को सर्वसमाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बढ़ते अपराधों के विरोध में कोतवाली थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने मंजीरे बजाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कानून व्यवस्था सुधारने के लिए एसपी के नाम ज्ञापन दिया। चाकूबाजी और अवैध नशे पर रोक लगाने की मांग प्रदर्शनकारियों ने जिले में लगातार हो रही चाकूबाजी, मारपीट, चोरी और नाबालिगों के साथ होने वाले अपराधों पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं। ज्ञापन में नए बस स्टैंड पर पुलिस चौकी बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की गई है। शराब के पैसे न देने पर युवक को जमकर पीटा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रामलखन नापा खेड़ली के अनुसार, शहर के नए बस स्टैंड पर स्थित एक चाय की दुकान पर 4 जुलाई की शाम करीब 10-12 लोगों ने एक युवक पर हमला कर दिया। शराब के लिए पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने प्रेमपुरा हवेली निवासी राजेंद्र मीणा के भाई के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में मोशीन उर्फ अनिल, इमरान और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पॉक्सो एक्ट के आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी एक अन्य मामले में 28 जून को कोतवाली थाने में आरोपी अंकुर जादौन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज हुई थी। पीड़िता के माता-पिता का आरोप है कि आरोपी लगातार उनके घर आकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था, जिसकी शिकायत उन्होंने 2 और 4 जुलाई को पुलिस से की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकुर को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी सर्वसमाज के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शहर की कानून व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो सभी संगठन मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे।