समाचार · पंजाब
नितिन कोहली को आप की टिकट, कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
| जालंधर आम आदमी पार्टी (आप) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए सेंट्रल हलके से प्रमुख खेल उद्योगपति नितिन कोहली को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस घोषणा के बाद से ही सेंट्रल हलके के पार्टी कार्यालय और विभिन्न वार्डों में कार्यकर्ताओं व समर्थकों द्वारा जश्न मनाया जा रहा है। उम्मीदवारी की घोषणा के बाद नितिन कोहली ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, पार्टी नेतृत्व, ब्लॉक अध्यक्षों, काउंसलरों और स्थानीय समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा िक हलके के विकास और जनसुविधाओं के लिए उनकी कार्ययोजना तैयार है। पार्टी समर्थकों के अनुसार, खेल जगत में उनकी साख और हलके में किए गए विकास कार्यों के आधार पर अब आम आदमी पार्टी 2027 के चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। मई 2025 में आप में शामिल होने के बाद से ही कोहली सेंट्रल हलके में सक्रिय हैं। खेल प्रशासन में चार दशकों का अनुभव रखने वाले कोहली ने अगस्त 2025 में हलके के सभी 23 वार्डों में खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए ‘फिट सेंट्रल जालंधर’ पहल शुरू की। इसके तहत सूर्या एन्क्लेव और आदर्श नगर में कृत्रिम कोर्ट तैयार किए गए और ओल्ड बारादरी स्थित डीसी पार्क (वरिंदर सिंह घुम्मन पार्क) में खेल भित्ति चित्र व प्रकृति पथ का विकास किया गया। इसके अतिरिक्त, हॉकी पंजाब के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने 2026 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के सफल आयोजन और बर्ल्टन पार्क स्पोर्ट्स हब के पुनर्विकास में अहम समन्वय किया।