Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सिवनी में कच्चा मकान गिरा, चार लोग दबे:ग्रामीणों ने सभी को सुरक्षित निकाला, अस्पताल में एडमिट

INT News8 August 2026 at 02:48 pm

सिवनी जिले के लखनादौन विकासखंड के ग्राम धाधरा में शनिवार सुबह एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में मकान के अंदर मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से मलबे में फंसे सभी चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ये हुए घायल घायलों में समनसिंह काकोड़िया (55), छोटी बाई (50), भंगो परते (48) और मंत्रा बाई परते (57) शामिल हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से लखनादौन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही आदेगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मकान गिरने के कारणों तथा घटना के समय मौजूद लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान कच्चा होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि मकान गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों की तत्परता से ही मलबे में दबे लोगों को समय रहते बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से कच्चे और जर्जर मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर भवनों की जांच और संवेदनशील परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना आवश्यक है। घटनास्थल की अन्य तस्वीरें…