Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

भागवत, शिवमहापुराण, रथयात्रा...हर बड़ी भीड़ में मंगलसूत्र चोर:35 से ज्यादा महिलाएं शिकार, धार्मिक आयोजनों में गहनों पर नजर; कई गिरोह पकड़ाए, कई फरार

INT News14 July 2026 at 04:49 am

सिर पर कलश, हाथों में पूजा की थाली, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालु महामाया मंदिर से बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम की ओर बढ़ रहे थे। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा के शुरू होने से पहले निकली इस कलश यात्रा में हर कोई भक्ति में डूबा था। लेकिन इसी भीड़ में कुछ ऐसे हाथ भी सक्रिय थे, जो आस्था नहीं, बल्कि महिलाओं के गले में पड़े सोने के गहनों पर नजर रखे हुए थे। यात्रा पूरी होने के बाद जब कुछ महिलाओं ने अपने गले में हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब थीं। एक-दो नहीं, बल्कि 5 महिलाओं के साथ यही हुआ। संजय नगर निवासी ओमकुमारी वर्मा, अर्चना गुप्ता, सरस्वती अग्रवाल, लक्ष्मी यदु और बासन साहू ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रायपुर की यह घटना कोई अकेली वारदात नहीं है। ने 2023 से अब तक धार्मिक आयोजनों में सामने आए ऐसे मामलों की पड़ताल की। इसमें सामने आया कि साल 2023 से जुलाई 2026 तक छत्तीसगढ़ में कथा, भागवत, शिवमहापुराण, हनुमंत कथा, रथयात्रा और कलश यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान कम से कम 35 महिलाओं के चेन या मंगलसूत्र चोरी होने के मामले सामने आए हैं। कहीं भीड़ में महिला गिरोह सक्रिय मिले, कहीं आरोपी मौके पर पकड़ लिए गए और कहीं शिकायत दर्ज होने के बाद भी चोर पुलिस की पहुंच से दूर रहे। बीते 4 सालों की घटनाओं को क्रमवार देखें तो लगभग हर बड़े धार्मिक आयोजन में महिलाओं के गहने चोरों के निशाने पर रहे। मार्च 2026: बसना की भागवत कथा में मंगलसूत्र चोरी, आरोपी महिला अरेस्ट रायपुर की घटना से करीब 4 महीने पहले महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में भी धार्मिक आयोजन के दौरान ऐसी ही वारदात सामने आई थी। भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम उड़ेला में मार्च 2026 में श्रीमद्भागवत कथा और मेले का आयोजन चल रहा था। कथा समाप्त होने के बाद श्रद्धालु भंडारे के लिए कतार में लगने लगे। एक महिला भी अपने परिवार के साथ भोजन की लाइन में खड़ी थी। तभी पीछे खड़ी एक अज्ञात महिला ने उसके गले में पहना करीब 12 ग्राम वजनी सोने का मराठी मंगलसूत्र खींच लिया और वहां से निकलने लगी। महिला ने तुरंत शोर मचाया तो आसपास मौजूद श्रद्धालु और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए। मौके पर ही संदेह के आधार पर आरोपी महिला को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 80 हजार रुपए कीमत का चोरी किया गया मंगलसूत्र बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। यह उन गिने-चुने मामलों में से एक था, जहां धार्मिक आयोजन में चोरी की वारदात के तुरंत बाद आरोपी भी पकड़ ली गई और चोरी का सामान भी बरामद हो गया। अगस्त 2025: भिलाई में प्रदीप मिश्रा की कथा में 3 महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी इससे कुछ महीने पहले, अगस्त 2025 में भिलाई के जयंती स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के दौरान भी महिलाओं के गहनों पर चोरों ने हाथ साफ किया था। 30 जुलाई से 5 अगस्त तक चली इस कथा के अंतिम दिन हजारों श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कई महिलाएं जब घर लौटीं तो उन्हें पता चला कि उनके गले से मंगलसूत्र गायब हैं। इसके बाद एक-एक कर पीड़ित महिलाएं भिलाई नगर थाने पहुंचीं। पुलिस के पास दर्ज शिकायतों में तीन महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी होने की बात सामने आई। इसी आयोजन के दौरान दो बाइक चोरी होने की भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने सभी मामलों में अलग-अलग शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। जुलाई 2025: रायपुर की जगन्नाथ रथयात्रा में 5 महिलाओं के गहने चोरी साल 2025 में ही राजधानी रायपुर की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान भी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाया गया। शंकरनगर स्थित वीटीआई ग्राउंड और गायत्री नगर के जगन्नाथ मंदिर से निकली रथयात्रा में श्रद्धालु भगवान का रथ खींचने और दर्शन करने में जुटे थे। इसी बीच महज दो घंटे के भीतर पांच महिलाओं के गले से चार मंगलसूत्र और एक सोने की चेन चोरी हो गई। वारदात के बाद महिलाओं और उनके परिजनों की भीड़ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची। पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों की बजाय सभी मामलों को एक ही एफआईआर में दर्ज किया। पीड़ित महिलाओं में टी. सरोजनी राय, कविता निर्मलकर, पार्वती बाई, संतरी वार्ड साहू और वेनावाई साहू शामिल थीं। शिकायत में चोरी हुए गहनों की कीमत करीब चार लाख रुपए बताई गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। 2025: डोंगरगांव की शिवमहापुराण कथा में 3 महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी इसी साल राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान भी महिलाओं के गहनों पर चोरों ने हाथ साफ किया। कथा समाप्त होने के बाद श्रद्धालु भंडारे के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान तीन महिलाओं के गले से सोने के मंगलसूत्र चोरी हो गए। महिलाओं को घटना की जानकारी तब हुई जब वे कतार से बाहर निकलीं। पीड़ितों ने डोंगरगांव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, उस दिन बड़ी संख्या में आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे थे। मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। दिसंबर 2025: धीरेंद्र शास्त्री की कथा से पहले 9 संदिग्ध महिलाएं हिरासत में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच दिसंबर 2025 में भिलाई पुलिस ने एक बड़े धार्मिक आयोजन से पहले ही सतर्कता बढ़ा दी। जयंती स्टेडियम में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा शुरू होने से पहले पुलिस ने पूरे पंडाल और आसपास के इलाके में सघन जांच अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान दूसरे राज्यों से आई नौ संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं बिना किसी पहचान पत्र और आयोजन के पास के पंडाल के आसपास घूम रही थीं। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस का उद्देश्य भीड़ में सक्रिय संभावित चोर गिरोहों पर पहले ही नजर रखना था, ताकि कथा के दौरान किसी प्रकार की चोरी या चेन स्नैचिंग की घटना न हो। सितंबर 2024: अंबिकापुर की भागवत कथा में 5 महिलाओं के चेन और मंगलसूत्र चोरी इससे एक साल पहले, सितंबर 2024 में सरगुजा जिले के लखनपुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में भी महिलाओं के गहनों पर चोरों ने हाथ साफ किया था। स्वयंभू शिव मंदिर परिसर में चल रही कथा में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। कथा समाप्त होने के बाद अचानक महिलाओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। एक-एक कर पांच महिलाओं ने बताया कि उनके गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र गायब हैं। पीड़ित महिलाओं में लखनपुर निवासी निर्मला वर्मा, प्रेमनगर की परमेश्वरी साहू, झिनपुरीपारा की खुशबू साहू, जूना लखनपुर की किरण अग्रवाल और संतोष देवी अग्रवाल शामिल थीं। महिलाओं को चोरी की जानकारी तब हुई, जब वे कथा स्थल से बाहर निकलने लगीं। सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। अप्रैल 2024: चिरमिरी में धीरेंद्र शास्त्री की कथा के दौरान 4 महिलाएं गिरफ्तार साल 2024 में कोरिया जिले के चिरमिरी में आयोजित पंडित धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा के दौरान भी महिलाओं के गहने चोरों के निशाने पर रहे। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में चल रही कथा में हजारों श्रद्धालु जुटे थे। कथा समाप्त होने के बाद जब महिलाएं पंडाल से बाहर निकलने लगीं तो कई लोगों ने अपने गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र गायब होने की शिकायत की। प्रारंभिक शिकायतों में करीब 10 महिलाओं के गहने चोरी होने की बात सामने आई। पुलिस ने संदेह के आधार पर चार महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चारों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 15 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग तीन लाख रुपए आंकी गई, बरामद किए। इसके बाद चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। 2024: बिलासपुर में कथा रद्द हुई, लेकिन चोरी करने पहुंचा गिरोह पकड़ा गया इसी महीने बिलासपुर पुलिस ने भी ऐसे ही एक घुमंतू गिरोह का पर्दाफाश किया, जो धार्मिक आयोजनों में महिलाओं के गहने चोरी करने के लिए अलग-अलग शहरों में डेरा बदलता था। दरअसल, बिलासपुर में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा प्रस्तावित थी। पुलिस जांच में सामने आया कि कथा में वारदात को अंजाम देने की तैयारी से पहले ही गिरोह के सदस्य शहर पहुंच चुके थे। हालांकि रंगपंचमी के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा के घायल होने के कारण कथा रद्द हो गई। इसके बाद गिरोह ने अपने निशाने बदल दिए और शहर में ऑटो से सफर करने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात महिलाओं को गिरफ्तार किया। पूछताछ में गिरोह के सदस्यों ने स्वीकार किया कि वे बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गहने चोरी करते थे और इसी उद्देश्य से अलग-अलग शहरों में पहले से पहुंचकर डेरा डालते थे। अगस्त 2024: रायपुर में प्रदीप मिश्रा की कथा से चेन चोर गैंग पकड़ाया साल 2024 में राजधानी रायपुर के गनौद-खरखराडीह में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा के दौरान भी महिलाओं के गहनों पर चोरों की नजर रही। कार्यक्रम में रोज लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे थे। कथा के दौरान कई महिलाओं ने सोने की चेन चोरी होने की शिकायत पुलिस से की, लेकिन भीड़ के कारण तत्काल आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल रहा। इसी बीच राखी थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में होटलों की रूटीन जांच के दौरान वेलकम होटल में ठहरे छह संदिग्धों पर कार्रवाई की। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से आई 3 महिलाओं और 1 युवक को गिरफ्तार किया। उनके बैग से तीन सोने की चेन बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये चेन शिवमहापुराण कथा के दौरान महिला श्रद्धालुओं के गले से चोरी की गई थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करता था। आरोपी महिलाएं पहले चेन पहनी महिलाओं को घेर लेती थीं, फिर धक्का-मुक्की के बीच उनका ध्यान भटकाकर गले से चेन निकाल लेती थीं। चोरी के तुरंत बाद गहना अपने साथ मौजूद दूसरी महिला को थमा दिया जाता था, ताकि पकड़े जाने पर किसी एक के पास सबूत न मिले। इस कार्रवाई से पुलिस ने धार्मिक आयोजनों में सक्रिय ऐसे संगठित गिरोह के तरीके का भी खुलासा किया। अक्टूबर 2023: प्रदीप मिश्रा की कथा के पहले दिन 10 संदिग्ध महिलाएं गिरफ्तार मामला अक्टूबर 2023 का है। दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़िया में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा का आयोजन शुरू हुआ था। कथा के पहले ही दिन हजारों श्रद्धालु पंडाल में पहुंचने लगे। भीड़ बढ़ने के साथ ही पुलिस को कुछ महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। लोगों ने बताया कि कुछ महिलाएं श्रद्धालुओं के बीच घूमकर उनके गहनों और अन्य कीमती सामान पर नजर रख रही हैं। सूचना मिलते ही नंदिनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की रहने वाली 10 महिलाओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सभी महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थीं। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए सभी को जेल भेज दिया। ये उन शुरुआती मामलों में से एक था, जब किसी बड़े धार्मिक आयोजन में चोरी की आशंका के आधार पर एक साथ बड़ी संख्या में संदिग्ध महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। तब से लेकर अब तक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में आयोजित कथा, भागवत, शिवमहापुराण, हनुमंत कथा, कलश यात्रा और रथयात्रा जैसे आयोजनों में महिलाओं के चेन और मंगलसूत्र चोरी होने या ऐसे गिरोहों के सक्रिय होने के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। ……………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… रायपुर में देवकीनंदन की कथा में लाखों का गोल्ड चोरी: कलश यात्रा में 5 महिलाओं के गले से सोने की चेन पार, पर्स गायब; FIR दर्ज रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा चल रही है। 8 जुलाई को निकाली गई कलश यात्रा में चोरों ने महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाया। भीड़ का फायदा उठाकर 5 महिलाओं के गले से सोने की चेन चुरा ली। पढ़ें पूरी खबर…