समाचार · पंजाब
तहसीलों में ई-स्टांप का सर्वर डाउन, चंद मिनट के काम को लगे 45-45 मिनट, सिस्टम को कोसते रहे लोग
| अमृतसर सोमवार को दोपहर 12 बजे तीनों तहसीलों में ई-स्टांप का सर्वर अचानक डाउन हो गया। इसके चलते रजिस्ट्री से जुड़े काम प्रभावित होने से लोग परेशान होते रहे। सर्वर डाउन होने से तहसीलों में काम की रफ्तार पूरी तरह कछुआ चाल हो गई। यह समस्या दोपहर बाद 3 बजे तक लगातार बनी रही। इस दौरान तहसीलों में जमीनों की रजिस्ट्री व अन्य डॉक्यूमेंट रजिस्टर्ड करवाने के दौरान शुरुआती ऑनलाइन प्रक्रियाएं तो पूरी हो रही थीं, लेकिन पेमेंट लॉक होने के चरण पर आकर सिस्टम पूरी तरह अटक जाता था। पेमेंट लॉक होने में काफी समय लगने के कारण एक-एक रजिस्ट्री को पूरा करने में करीब 45 मिनट लग रहे थे। सामान्य दिनों में जो चंद मिनटों में होने वाले काम के लिए 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। पेमेंट लॉक न होने के कारण आवेदकों की अंतिम फोटो नहीं खींची जा सकी, जिससे पूरी प्रक्रिया बीच में ही लटक रही थी। काम की रफ्तार धीमी होने के कारण तीनों ही तहसीलों में आवेदकों, गवाहों और वकीलों की भीड़ जमा हो गई। सर्वर डाउन होने के कारण रजिस्ट्री से जुड़े काम कराने आए लोगों को घंटों तक तहसीलों के गलियारों में ही बैठकर समय काटना पड़ा। अव्यवस्था से गुस्साए लोग सरकार और प्रशासन की ऑनलाइन प्रणाली को कोसते नजर आए। परमिंदर सिंह का कहना था कि सरकार हर काम को डिजिटल करने का दावा तो करती है, लेकिन तकनीकी बुनियादी ढांचा इतना कमजोर है कि आए दिन सर्वर डाउन होने से जनता का समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं। तहसील में मौजूद डीड राइटर्स और वकीलों ने बताया कि सर्वर की इस दिक्कत के कारण उनका भी पूरा दिन खराब हो गया और वे अपने क्लाइंट का काम समय पर नहीं करवा सके। दोपहर 3 बजे के बाद जब सर्वर ने आंशिक रूप से काम करना शुरू किया, तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली और पेंडिंग काम किया। तहसील-3 के सब रजिस्ट्रार संजीव पठानिया का कहना था कि पूरे पंजाब में साइट प्रभावित हो रही है। सरकार की ओर से कुछ अपडेशन चल रही है, जिसके चलते यह परेशानी हो रही है। लोगों का काम होता रहा है। बीच-बीच में सर्वर डाउन हुआ था और पेमेंट ही लॉक नहीं हो पा रही थी, लेकिन समस्या ठीक हो गई थी।