समाचार · पंजाब
चुनाव नजदीक आते ही विधायकों को दिखने लगी गंदगी, निगम संग 18 दिन में तीसरी मीटिंग
| अमृतसर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही विधायकों को शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था दिखने लगी है। सरकार के कार्यकाल को करीब 4 साल 3 माह तो थ्री-आर टेंडर मिले 9 माह बीत चुके हैं मगर शहर को चमकाने के दावे हवा-हवाई साबित हुए हैं। फिलहाल, विस चुनाव की आहट होते ही एक बार फिर से सफाई व्यवस्था को लेकर विधायकों व निगम अफसरों के बीच बैक-टू-बैक मीटिंग का दौर शुरू हो गया है। बीते 18 दिन में सेंट्रल के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने निगम कमिश्नर के साथ 2 बार बैठकें की हैं। वहीं अब साउथ हलका के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने निगम कमिश्नर व अधिकारियों के साथ सफाई व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की। पार्षदों ने डोर-टू-डोर कचरा उठान न होने, नालों की सफाई की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इस पर निगम कमिश्नर ने कहा कि यदि कंपनी निर्धारित मापदंडों को पूरा नहीं कर पाई तो तो अनुबंध की शर्तों अनुसार पेनल्टी लगाई जाएगी। आप पार्टी के मंत्रियों-विधायकों ने लोकसभा चुनाव में हार से सबक लेकर दिसंबर-2024 में निगम चुनाव की डेट अनाउंस होने से पहले नवंबर में निगम व प्रशासनिक अफसरों संग करीब 20 दिन में 4 मीटिंग की थी। तब भी कूड़ा-सीवरेज, गंदा पानी-गारबेज जैसे मुद्दों को रखा गया था। उस दौरान काम कर रही कंपनी के खिलाफ जुर्माना-पेनाल्टी लगाने जैसी कार्रवाई करने की चर्चाएं रही थीं। लोकल बॉडीज विभाग के तत्कालीन मंत्री गुरुनगरी पहुंचे थे। निगम कमिश्नर-डीसी व अन्य सरकारी विभागों के हैड संग मीटिंग कर विकास कामों का जायजा लिया था। अब विधानसभा चुनाव को देख फिर से एक बार शहर को चमकाने के लिए मंत्री दौरा कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तो विधायकों का निगम कमिश्नर संग मीटिंग वाला दौर शुरू हो चुका है। निगम ने स्पष्ट किया है कि मुख्य व्यवस्था घर-घर से कचरा संग्रहण की ही रहेगी और सड़कों पर कूड़ेदान स्थापित नहीं किए जाएंगे। संकरी गलियों और दुर्गम क्षेत्रों में कचरा रिक्शों के माध्यम से उठाया जाएगा। इसके अलावा, कचरा संग्रहण प्रणाली को मजबूत करने के लिए निगम ने दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 15 अतिरिक्त मिनी-टिप्पर तैनात करने की सिफारिश की है। निगम अधिकारियों ने वार्डवार प्रेजेंटेशन देकर कर्मचारियों और वाहनों के रूट की जानकारी भी दी। विस चुनाव से पहले व्यवस्था सुधारने के लिए अब हर 10 दिन बाद समीक्षा बैठक की जाएगी। जल निकासी चैंबरों और नालों की सफाई के बाद वहां से निकाले गए मलबे को तुरंत हटाया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी न हो। विधायक निज्जर ने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों, सफाई कर्मचारियों और कंपनी के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। वहीं, कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि निगम शत-प्रतिशत कचरा उठान सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी कर रहा है। इस मौके पर एमओएच डॉ. योगेश अरोड़ा, मुख्य सेनेटरी अधिकारी जेपी बब्बर, सीएसआई रमन, थ्री-आर कंपनी के डायरेक्टर राजीव अरोड़ा व अन्य मौजूद रहे। निगम कमिश्नर और अधिकारियों संग बैठक करते विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर।