समाचार · पंजाब
फाजिल्का में अज्ञात वाहन ने मारी बाइक सवारों को टक्कर:घायल युवक आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा, गंभीर हालत में पहुंचाया अस्पताल
फाजिल्का के फ्रीडम फाइटर रोड पर चक्षु चौक (एसएसपी रेजिडेंस के नजदीक) के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का मामला प्रकाश में आया है। मेहनत-मजदूरी कर मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहे दो युवकों को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर पीछे बैठा युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। हादसे के बाद घायल युवक करीब आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा, क्योंकि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस सेवा समय पर मौके पर नहीं पहुँच सकी। काम से लौट रहे थे युवक, चालक ने माना—'की हुई थी थोड़ी ड्रिंक' बाइक चालक के अनुसार, वे दोनों पेशे से मजदूर हैं और रोजाना की तरह अपना काम खत्म करके मोटरसाइकिल से घर वापस लौट रहे थे। तभी अचानक एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने आरोप लगाया कि टक्कर मारने के बाद वाहन चालक ने इंसानियत नहीं दिखाई और गाड़ी रोकने के बजाय मौके से भाग गया। उसने यह भी बताया कि उन्होंने मदद के लिए तुरंत फोन किया था, लेकिन एंबुलेंस करीब आधा घंटा देरी से पहुँची। बातचीत के दौरान बाइक चालक ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने थोड़ी शराब (ड्रिंक) पी रखी थी। हेल्पलाइन 112 की सूचना पर पहुँची पुलिस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कर्मचारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि उन्हें 112 आपातकालीन हेल्पलाइन के माध्यम से एसएसपी रेजिडेंस के पास एक सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची, जहाँ एक युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस का प्रबंध किया और घायल को तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार थे और किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी है। पुलिस द्वारा फिलहाल इस दुर्घटना के कारणों और फरार अज्ञात वाहन की तलाश के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाला जा रहा है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।