Friday, 13 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · हरियाणा

हरियाणा के फरीदाबाद में 12वीं के छात्र की मौत, बाथरूम में खून से लथपथ मिला शव

INT News13 November 2026 at 12:14 am

हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. पाली गांव में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले 17 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर घर में देसी हथियार से खुद को गोली मार ली. छात्र का शव घर की तीसरी मंजिल पर बने बाथरूम में मिला. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल छात्र के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है.

घर की तीसरी मंजिल के बाथरूम में मिला शव

पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार शाम की है. छात्र की मां और बड़ा भाई शाम करीब 5 बजे उसे घर पर अकेला छोड़कर पास के एक प्लॉट पर गए थे. करीब एक घंटे बाद जब बड़ा भाई घर लौटा, तो उसे छोटा भाई कहीं दिखाई नहीं दिया. इसके बाद उसने घर में उसकी तलाश शुरू की.

खिड़की से अंदर देखा तो खून से लथपथ पड़ा था छात्र

छात्र की तलाश करते हुए बड़ा भाई घर की तीसरी मंजिल पर पहुंचा. वहां बाथरूम की खिड़की से अंदर झांककर देखा तो उसका छोटा भाई खून से लथपथ हालत में पड़ा था. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

ओपन स्कूल से कर रहा था 12वीं की पढ़ाई

मृतक छात्र की उम्र 17 साल थी. पिता की ओर से पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह ओपन स्कूल कार्यक्रम के तहत 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था. इसके साथ ही वह कोचिंग क्लास भी जाता था. परिवार को फिलहाल यह समझ नहीं आ रहा है कि छात्र ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया.

FSL और क्राइम ब्रांच ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई. जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) और अपराध शाखा की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया. टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए, ताकि घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

देसी हथियार कहां से आया, पुलिस कर रही जांच

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्र के पास देसी हथियार कहां से आया और उसे किन परिस्थितियों में गोली लगी. मृतक के पिता ने अपनी शिकायत में किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया है. फिलहाल डबुआ थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

ये भी पढ़ें: मुंबई को फिर दहलाने की धमकी, निशाने पर अमिताभ बच्चन के बंगले से मेयर ऑफिस तक