समाचार · मध्य प्रदेश
'मर जाऊंगी, पर पति का साथ नहीं छोडूंगी':देवास में दहेज प्रताड़ित होने के भी पति संग रहना चाहती विवाहिता, ससुराल पक्ष मांग रहा- 7 लाख
देवास में मंगलवार को जनसुनवाई में एक विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और घर से निकालने के आरोप लगाए। हाटपीपल्या तहसील के भोपापुरा निवासी टीना का कहना है कि वह इन सबके बावजूद अपने पति के साथ ही रहना चाहती है। टीना ने आवेदन में बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उससे दहेज की मांग की जाने लगी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। उसने पहले भी थाना हाटपीपल्या में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत न्यायालय में भी प्रकरण दायर किया था। समझौते के बाद फिर शुरू हुई दहेज की मांग विवाहिता के अनुसार, ससुराल पक्ष ने भविष्य में प्रताड़ित नहीं करने का भरोसा देकर समझौता किया था। लेकिन कुछ दिन बाद फिर से दहेज की मांग शुरू हो गई। पीड़िता का आरोप है कि उससे 7 लाख रुपए मांगे गए। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। उसका कहना है कि मारपीट में उसका सिर फोड़ दिया गया। इसका वीडियो भी उसके पास है। '7 लाख लेकर आओ, तभी घर में रखेंगे' टीना ने बताया कि समाज के लोगों की मौजूदगी में उसे साथ रखने का लिखित आश्वासन दिया गया था। लेकिन जब वह अपने परिजनों के साथ ससुराल पहुंची तो उसे अपनाने से इनकार कर दिया गया। उसका आरोप है कि ससुराल वालों ने कहा कि 7 लाख रुपए लेकर आओ, तभी घर में रखेंगे। एसपी से कार्रवाई की मांग टीना ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि वह अपने पति के साथ रहकर वैवाहिक जीवन बिताना चाहती है। उसने मामले में उचित कार्रवाई करने और अपने वैवाहिक अधिकार दिलाने की मांग की है। एएसपी ट्रैफिक एच. बाथम ने बताया कि मामले में संबंधित थाने को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।