Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

फाजिल्का में झाड़ियों से मिला युवक का शव:शरीर पर चोट के निशान, परिवार बोला- हत्या हुई, नशे का आदी था; 2 बच्चों का पिता

INT News15 July 2026 at 02:58 pm

फाजिल्का में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। परिवार ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। परिजनों के अनुसार, मृतक घर से सामान लेने के लिए गांव घुबाया गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। जानकारी देते हुए संता सिंह ने बताया कि वह गांव चक्क खीवा के रहने वाले हैं। उनके घर पर लकड़ी का काम चल रहा था और दरवाजे बनवाए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बेटा गुरमीत सिंह (28) मिस्त्री के कहने पर घुबाया से कील लेने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार ने हत्या की आशंका जताई परिजनों को शाम के समय पता चला कि गुरमीत का शव गांव हजारा राम सिंह वाला की झाड़ियों में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें आशंका हुई कि उसके साथ मारपीट कर हत्या की गई है, क्योंकि शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे। गुरमीत शराब पीने का आदी था सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। संता सिंह ने बताया कि गुरमीत अपने पीछे दो बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को छोड़ गया है। उन्होंने यह भी बताया कि गुरमीत शराब पीने का आदी था। फिलहाल परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग की है। मामले की जांच में जुटी पुलिस मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी राम सिंह ने बताया कि गांव हजारा राम सिंह वाला में मंगलवार शाम एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। शव को कब्जे में लेकर फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और मामले की आगे की कार्रवाई के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस कर्मचारी ने कहा कि मृतक शराब का सेवन करता था और शव पर चोटों के निशान भी मिले हैं, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।