समाचार · हरियाणा
नारनौल में FD कराने गई युवती से धोखाधड़ी:1.50 लाख की इंश्योरेंस पॉलिसी थमाई; खुद को PNB शाखा की महिला कर्मी बताया
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में FD कराने बैंक पहुंची एक युवती को कथित तौर पर गुमराह कर PNB MetLife की दो इंश्योरेंस पॉलिसी कराने का मामला सामने आया है। इस बारे में युवती ने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। जिसके बाद साइबर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती का आरोप है कि बैंक शाखा में खुद को कर्मचारी बताने वाली महिला ने FD के बजाय उसे बीमा पॉलिसी के बारे में जानकारी दी और उसकी बातों में आकर उसने कुल 1.50 लाख रुपए की दो पॉलिसी करा लीं। सुविधाएं नहीं मिली बाद में पॉलिसी के दस्तावेज पढ़ने पर युवती को पता चला कि उसमें वे सुविधाएं नहीं थीं, जो उसे बताई गई थीं। मामले में साइबर थाना महेंद्रगढ़ स्थित नारनौल में धोखाधड़ी की धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज किया गया है। गहली की रहने वाली पुलिस के अनुसार गहली निवासी ज्योति कुमारी 19 जून 2026 को नारनौल के कोर्ट रोड स्थित PNB बैंक शाखा में 1.50 लाख रुपए की FD करवाने गई थी। वहां FD का फॉर्म लेते समय उसकी मुलाकात प्रतिभा नाम की महिला से हुई। पीएनबी का कर्मी बताया युवती के अनुसार प्रतिभा ने खुद को PNB बैंक की कर्मचारी बताया और उसे PNB MetLife की इंश्योरेंस पॉलिसी के बारे में जानकारी दी। इसके बाद युवती ने 90 हजार और 60 हजार रुपए की दो पॉलिसी करा लीं। दोनों पॉलिसियों के नंबर 26686357 और 26686244 बताए गए हैं। पॉलिसी बॉन्ड मिलने में भी हुई देरी शिकायत के अनुसार पॉलिसी कराते समय प्रतिभा ने अपनी Gmail ID का इस्तेमाल किया। युवती के बार-बार पूछने के बाद उसे बताया गया कि पॉलिसी बॉन्ड अभी नहीं आया है। 17 जुलाई को प्रतिभा ने फोन कर बॉन्ड आने की जानकारी दी। बॉन्ड पढ़ने के बाद युवती को कथित तौर पर पता चला कि पॉलिसी में वे बातें नहीं थीं, जो उसे पॉलिसी कराते समय बताई गई थीं। नहीं हुई पॉलिसी कैंसिल ज्योति ने उसी दिन दोनों पॉलिसियां कैंसिल करने की बात कही। आरोप है कि प्रतिभा ने बैंक से छुट्टी पर होने की बात कहते हुए 20 जुलाई को दस्तावेज लेकर आने को कहा और दोनों पॉलिसियां कैंसिल होने का आश्वासन दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार यह आश्वासन 30 जुलाई तक दिया गया, लेकिन बाद में पूछने पर कथित तौर पर उसे कहा गया कि जो करना है कर सकती है, पॉलिसी कैंसिल नहीं होगी। मां की पॉलिसी कैंसिल, बेटी की नहीं हुई ज्योति का कहना है कि उसकी पॉलिसी कैंसिल कराने के दस्तावेज उसकी मां इंद्र कौर की पॉलिसी के दस्तावेजों के साथ भेजे गए थे। उसकी मां की पॉलिसी उससे चार दिन पहले हुई थी और वह कैंसिल हो गई, लेकिन उसकी दोनों पॉलिसियां कैंसिल नहीं की गईं। बाद में उसने PNB MetLife को कई बार ई-मेल करके पॉलिसी बंद करने की मांग की। कंपनी की ओर से उसे बताया गया कि पॉलिसी कैंसिल करने की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है। शिकायत पर जांच शुरू मामले में ज्योति ने NCRP पर साइबर शिकायत संख्या 31309260072552 दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पंचकूला स्थित नोडल साइबर क्राइम थाने से E-Zero FIR नंबर 623 महेंद्रगढ़ पुलिस को प्राप्त हुई। 8 सितंबर को शिकायतकर्ता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने पुलिस से पॉलिसियों में जमा 1.50 लाख रुपए वापस दिलाने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।