Wednesday, 25 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बिहार में जमीन सर्वे की अब रोज होगी निगरानी, मंत्री दिलीप जायसवाल हर महीने करेंगे समीक्षा; लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

INT News25 November 2026 at 06:45 pm

Bihar Land Survey 2026 बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों को गति देने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने निगरानी व्यवस्था सख्त करने का फैसला लिया है. अब राज्य के सभी जिलों में सर्वेक्षण कार्यों की प्रतिदिन और हर महीने समीक्षा होगी. राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल प्रत्येक माह सर्वेक्षण की प्रगति की समीक्षा करेंगे. वहीं, सर्वे निदेशालय में पदस्थापित नोडल पदाधिकारियों को अपने जिम्मे आवंटित जिलों के कार्यों की रोजाना समीक्षा करने और दैनिक प्रगति रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया है.

बुधवार को पटना के शास्त्रीनगर स्थित राजस्व सर्वेक्षण प्रशिक्षण संस्थान में विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सर्वेक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण सरकार की प्राथमिकता वाला महत्वपूर्ण अभियान है. इसे समय पर पूरा करने के लिए प्रत्येक जिले में हो रहे कार्यों की नियमित निगरानी जरूरी है.

मंत्री ने कहा कि जिलों के प्रदर्शन का आकलन केवल कुल उपलब्धि के आधार पर नहीं, बल्कि हर महीने निर्धारित लक्ष्य और उसके विरुद्ध हुई प्रगति के आधार पर किया जाएगा. इससे यह पता चल सकेगा कि कौन-सा जिला लक्ष्य के अनुरूप काम कर रहा है और कहां कार्यों में तेजी लाने की जरूरत है. दैनिक मॉनिटरिंग और मासिक समीक्षा से काम में आने वाली बाधाओं की समय रहते पहचान कर उनका समाधान किया जा सकेगा.

नोडल अधिकारी रोज भेजेंगे प्रगति रिपोर्ट

मंत्री ने सर्वे निदेशालय में पदस्थापित नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने आवंटित जिलों की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया. उन्हें संबंधित जिलों से रोजाना कार्यों की जानकारी लेकर उसकी रिपोर्ट मुख्यालय को उपलब्ध करानी होगी. वहीं, बंदोबस्त अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों के कामकाज पर लगातार नजर रखने और दिन के अंत में कार्यों का आकलन करने को कहा गया है.

मंत्री ने अधिकारियों को आत्ममूल्यांकन का महत्व बताते हुए कहा कि 'सेल्फ असेसमेंट इज बेस्ट असेसमेंट'. प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उन्हें सौंपी गयी जिम्मेदारी का निर्वहन समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो. उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए पूरी टीम की सामूहिक जिम्मेदारी और जवाबदेही जरूरी है.

जमीन विवादों में कमी लाने में मददगार होगा सर्वेक्षण

मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण बिहार के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। इसका उद्देश्य सिर्फ जमीन का सर्वेक्षण करना नहीं, बल्कि भूमि विवादों का स्थायी समाधान करना और भू-अभिलेखों को स्पष्ट, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है.

उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण पूरा होने के बाद जमीन से जुड़े विवादों में कमी आएगी. न्यायालयों में भूमि विवाद के मुकदमों का बोझ घटेगा और थानों में जमीन को लेकर होने वाली समस्याओं पर भी अंकुश लगेगा. इसके अलावा आम लोगों को बैंक से ऋण लेने, निवास एवं दखल-कब्जा प्रमाणपत्र प्राप्त करने और पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे में भी सहूलियत होगी.

36 जिलों के 444 अंचलों में चल रहा सर्वेक्षण

भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत ने बैठक में विशेष सर्वेक्षण की प्रगति की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में राज्य के सभी 36 जिलों के 444 अंचलों के 37,430 मौजों में सर्वेक्षण का काम चल रहा है. इसके तहत कुल 8 करोड़ 70 लाख 24 हजार 440 खेसरों का सर्वेक्षण किया जाना है। इस काम में 6,772 अमीन कार्यरत हैं.

Also Read:  अनंत सिंह की बेटी की शादी में 500 राउंड गोली और 10 राइफल लेकर पहुंचे पुराने दोस्त, जेल के दिनों का सुनाया किस्सा

Also Read:  'बाहुबली होंगे दूसरों के लिए, समधन को डरने की क्या जरूरत', अनंत सिंह की समधन का VIDEO वायर