समाचार · मध्य प्रदेश
हाथ में फ्रैक्चर देख एसपी ने चॉकलेट देकर सुनी शिकायत:मुरैना जनसुनवाई में छात्र बोला- तीन शिक्षकों ने डंडे से पीटा; SP ने दिए FIR के निर्देश
एसपी की जनसुनवाई में मंगलवार को कक्षा 6 का घायल छात्र अपने दादा के साथ पहुंचा। छात्र के हाथ में प्लास्टर चढ़ा हुआ था। एसपी धर्मराज मीणा की नजर जब घायल छात्र पर पड़ी तो उन्होंने उसके दादा को छोड़कर बच्चे को अपने पास बुलाया। एसपी ने पहले उसे अपने पास कुर्सी पर बैठाया और चॉकलेट देकर प्यार से पूरी घटना पूछी। छात्र ने सुनाई आपबीती छात्र ने बताया कि वह सरकारी स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता है। आरोप है कि 1 अगस्त को परीक्षा के दौरान उसके पीछे बैठे तीन छात्र उसकी कॉपी से नकल कर रहे थे। समर ने जब उन्हें नकल करने से रोका तो छात्रों ने इसकी शिकायत स्कूल में पदस्थ शिक्षकों से कर दी। शिकायत के बाद शिक्षकों ने डंडे से पीटा छात्र के मुताबिक, शिकायत के बाद स्कूल में पदस्थ तीन शिक्षक सूरजभान तोमर, राजवीर सिंह और रामरूप माहौर ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि शिक्षकों ने उसे डंडे से पीटा, जिससे उसके हाथ में चोट आई और बाद में हाथ में प्लास्टर चढ़ाना पड़ा। एसपी ने एक्स-रे भी देखा, थाना प्रभारी को FIR के निर्देश एसपी धर्मराज मीणा के अनुसार उन्होंने जनसुनवाई के दौरान छात्र से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने छात्र के हाथ का एक्स-रे भी देखा। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने पोरसा थाना प्रभारी को शिक्षकों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। घायल छात्र के साथ उसके दादा भी जनसुनवाई में मौजूद थे।