national
VIDEO: चक्रवात मुरासु ने किसानों पर बरपाया कहर, आंध्र प्रदेश में 30,000 हेक्टेयर फसल तबाह

Cyclone Murasu: मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात मुरासु मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे तट से टकराया तथा आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई. तटीय आंध्र प्रदेश में रहने वाले लगभग 1.75 लाख लोग इस चक्रवात से प्रभावित हुए हैं और उनकी मदद के लिए एनडीआरएफ के दल मौके पर मौजूद हैं. करीब 10,000 लोगों को 171 राहत शिविरों में ठहराया गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 'मुरासु' मंगलवार देर रात तक गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो जाएगा.
चक्रवात से धान, कपास और मक्के की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा
पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों का अनुमान है कि धान, कपास और मक्के की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है. शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, 15 जिलों में 30,661 एकड़ क्षेत्र में फसलें बर्बाद हुई हैं. चक्रवात के कारण मुख्य रूप से कृष्णा, बापटला और नंड्याल जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है.
10,805 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
'मुरासु' चक्रवात का असर 15 जिलों के 132 मंडलों में देखा गया, जिसके चलते 10,805 लोगों को सुरक्षित निकालकर चक्रवात आश्रय स्थलों (साइक्लोन शेल्टर) में पहुंचाया गया. विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य सरकार ने 171 राहत शिविर लगाए हैं और 14,810 भोजन के पैकेट बांटे हैं.
राहत कार्यों के लिए NDRF की 11 और SDRF की 13 टीमों को तैनात किया गया है, साथ ही 613 जनरेटरों की भी व्यवस्था की गई है.
ये भी पढ़ें: Watch Video: आंध्र प्रदेश में 'मुरासु' का कहर, ओंगोल और कोथापट्टनम में बाढ़ जैसे हालात; खेतों में भरा समुद्र का पानी