समाचार · हरियाणा
नूंह में कार पुलिया से टकराई, दो की मौत:3 घायल, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा; ड्राइवर को आई नींद की झपकी
नूंह जिले के सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रात करीब 8 बजे साईमीर गांव के पास सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से जयपुर जा रही ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पुलिया से जा टकराई। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार दिल्ली से जयपुर जा रही थी। कार जब एक्सप्रेसवे पर पिलर नंबर 77.5 के पास साईमीर गांव के नजदीक पहुंची तो अचानक ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण हट गया। बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार थे पांच लोग बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिला और एक पुरुष घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। एएसआई संजीत ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकलवाकर उपचार के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा पहुंचाया। वहीं मृतकों के शवों को भी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान तथा उनके रहने के स्थान के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।