समाचार · मध्य प्रदेश
सुरक्षा गार्ड ने कचरा वाहन चालक पर बंदूक तानी:नगर परिषद कर्मचारी की शिकायत पर गार्ड गिरफ्तार, हथियार की वैधता जांच जारी
बड़वानी जिले के अंजड़ नगर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सुरक्षा गार्ड ने नगर परिषद के कचरा वाहन चालक पर कथित तौर पर बंदूक तान दी। यह घटना वार्ड क्रमांक 6 स्थित बड़वानी रोड, आरा मशीन वाली गली में हुई। घटना के बाद नगर परिषद कर्मचारियों में नाराजगी देखी गई और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे नगर परिषद का कचरा वाहन क्षेत्र में कचरा संग्रहण के लिए पहुंचा था। इसी दौरान कैलाश सेठ के घर पर तैनात सुरक्षा गार्ड और कचरा वाहन चालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुरक्षा गार्ड ने वाहन चालक की ओर बंदूक तान दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी की हुई पहचान नगर परिषद के कर्मचारियों ने सोमवार दोपहर को अंजड़ थाने में मामले की शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरक्षा गार्ड को हिरासत में ले लिया। अंजड़ थाना प्रभारी आरआर चौहान ने बताया कि आरोपी की पहचान दिलीप (उम्र करीब 55 वर्ष, निवासी इटावा, जिला होशंगाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में बंदूक सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास मौजूद हथियार वैध था या नहीं और घटना के पीछे वास्तविक विवाद क्या था। फिलहाल, घटना का वास्तविक कारण पूरी तरह सामने नहीं आया है। पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। सार्वजनिक स्थान पर नगर परिषद कर्मचारी के साथ कथित तौर पर हथियार तानने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और हथियार रखने के नियमों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।