समाचार · उत्तर प्रदेश
सीतामढ़ी से अयोध्या के बीच चलेगी वंदे भारत? सम्राट चौधरी ने रेल मंत्री से की मुलाकात

Sitamarhi Ayodhya Vande Bharat Train : सीतामढ़ी और अयोध्या के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग को लेकर बिहार सरकार ने रेल मंत्रालय के सामने बात रखी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और इस रूट पर नई ट्रेन शुरू करने का अनुरोध किया.
सीतामढ़ी-अयोध्या वंदे भारत चलाने की मांग
रेल मंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि उन्होंने सीतामढ़ी और अयोध्या के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने का आग्रह किया है. सीतामढ़ी को मां सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान राम की जन्मभूमि माना जाता है. दोनों धार्मिक शहरों के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू होने से श्रद्धालुओं को आने-जाने में सुविधा मिल सकती है.
दिवाली और छठ पर स्पेशल ट्रेनें चलाने पर भी बात
सम्राट चौधरी ने रेल मंत्री से दिवाली और छठ पूजा के दौरान बिहार के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय दूसरे राज्यों में रहने वाले बड़ी संख्या में बिहारी अपने घर लौटते हैं.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले साल रेलवे ने करीब 10 हजार से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं. उन्होंने इस बार भी इसी तरह विशेष ट्रेनों का इंतजाम करने का आग्रह किया, ताकि छठ पर घर आने वाले यात्रियों को राहत मिल सके.
नीतीश कुमार ने भी लिखी थी चिट्ठी
सीतामढ़ी और अयोध्या के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग पहले भी उठ चुकी है. सितंबर 2024 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस रूट पर जल्द ट्रेन शुरू कराने का अनुरोध किया था.
अभी सीतामढ़ी से दिल्ली के बीच चलती है अमृत भारत एक्सप्रेस
फिलहाल सीतामढ़ी से अयोध्या होते हुए नई दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन हो रहा है. इस ट्रेन की शुरुआत अगस्त 2025 में हुई थी. अब सीतामढ़ी और अयोध्या के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग फिर सामने आई है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पुनौरा धाम में बन रहा मां जानकी का भव्य मंदिर
सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में मां जानकी का भव्य मंदिर बनाया जा रहा है. इसके 2028-29 तक तैयार होने की संभावना है.
ऐसे में सीतामढ़ी-अयोध्या के बीच वंदे भारत ट्रेन की मांग धार्मिक यात्रा और दोनों शहरों के बीच रेल संपर्क से जुड़ी हुई है. हालांकि, इस रूट पर ट्रेन चलाने को लेकर रेल मंत्रालय की ओर से अभी किसी फैसले की जानकारी नहीं दी गई है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में 6490 करोड़ से बनेंगी दो फोरलेन सड़कें, झारखंड और नेपाल तक कनेक्टिविटी होगी बेहतर