समाचार · मध्य प्रदेश
स्मार्ट मीटर विवाद: कांग्रेस शहर अध्यक्ष पर दर्ज एफआईआर हटाने की मांग की
भास्कर संवाददाता | राजगढ़ स्मार्ट मीटर को लेकर शहर में मंगलवार से शुरू हुआ विवाद लगातार नया मोड़ ले रहा है। बिजली कंपनी की शिकायत पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष नयन विजयवर्गीय के खिलाफ कोतवाली पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में स्थानीय युवा एवं विजयवर्गीय समाज के लोग कोतवाली पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर थाना प्रभारी मंजू माखेनिया को ज्ञापन सौंपते हुए दर्ज प्रकरण निरस्त करने की मांग की। शाम करीब छह बजे प्रदर्शनकारी पहले बड़ा चौक पर एकत्रित हुए। इसके बाद रैली के रूप में कोतवाली पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि नयन विजयवर्गीय पर दर्ज प्रकरण तथ्यों पर आधारित नहीं है, इसलिए इसे तत्काल वापस लिया जाए। स्मार्ट मीटर विवाद की शुरुआत मंगलवार को हुई थी, जब वार्ड-8 के संकट मोचन और बांसवाड़ा क्षेत्र की कुछ महिलाओं ने अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़कर विरोध स्वरूप बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचकर उन्हें गेट पर पटक दिया था। इस दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष नयन विजयवर्गीय भी महिलाओं के साथ मौजूद थे। घटना के बाद बिजली कंपनी ने नयन विजयवर्गीय सहित करीब 50 लोगों के खिलाफ कार्यालय में जबरन प्रवेश, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। महिलाओं के विरोध के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर ^"बिजली कंपनी की शिकायत पर नयन विजयवर्गीय के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इसे निरस्त कराने के लिए कुछ लोगों ने ज्ञापन दिया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।" - मंजू माखेनिया, थाना प्रभारी, कोतवाली राजगढ़