Wednesday, 25 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

RSS चीफ मोहन भागवत बोले- दुनिया की कोई ताकत नहीं चाहती भारत तरक्की करे, क्योंकि आगे बढ़ा तो उनकी... बंद हो जाएंगी?

INT News25 November 2026 at 04:29 pm

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने भारत की विकास यात्रा और वैश्विक शक्तियों को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत तरक्की करे. इसका कारण यह है कि वैश्विक शक्तियां अपना वर्चस्व कायम रखना चाहती हैं. वे दूसरे देशों को दबाव में रखने की मानसिकता से काम करती हैं. भागवत ने कहा कि भारत अगर आगे बढ़ता है, तो ऐसी ताकतों की दुकानें बंद हो जाएंगी, क्योंकि भारत का उद्देश्य केवल अपनी प्रगति नहीं, बल्कि सभी की मदद करना है.

पद्मा महोत्सव में मोहन भागवत का बड़ा बयान, वैश्विक शक्तियों पर साधा निशाना

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बुधवार को पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने ये बातें कहीं. उन्होंने कहा कि दुनिया की ताकतें ‘सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट’ यानी सबसे सक्षम के अस्तित्व में विश्वास करती हैं. उनका उद्देश्य अपना प्रभुत्व बनाए रखना और दूसरों को अपने दबाव में रखना है.

भागवत ने कहा कि भारत की सोच इससे अलग है. भारत सभी की सहायता करना चाहता है. यहां तक कि उन पड़ोसी देशों की भी मदद करता है, जो भारत से नफरत करते हैं. उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति और उसका सहयोग आधारित दृष्टिकोण वैश्विक वर्चस्व की सोच रखने वाली ताकतों के लिए चुनौती बन सकता है.

'युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से मुक्त', झूठ के खिलाफ खड़े होने का दिया संदेश

RSS प्रमुख ने देश की युवा पीढ़ी की सोच और उसके नजरिये की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि आज का युवा गुलामी की मानसिकता से मुक्त है और सच के साथ खड़े होने का साहस रखता है. मोहन भागवत ने कहा, "अगर कोई सच्ची बात कहता है, तो युवा उसके साथ खड़े होने के लिए तैयार रहते हैं. वे झूठ से नफरत करते हैं और अपने देश को महान बनाना चाहते हैं."

उन्होंने युवाओं की इसी सोच को देश की ताकत बताते हुए कहा कि भारत को आगे ले जाने में नई पीढ़ी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.

पद्मा महोत्सव में जुटे पद्म पुरस्कार विजेता, तीन दिनों तक होगा संवाद

छत्रपति संभाजीनगर के बीड बाईपास रोड स्थित एमआईटी परिसर के मंथन हॉल में पांचवें पद्मा महोत्सव का आयोजन किया गया है. स्थानीय संस्था ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पद्म पुरस्कार विजेता शामिल हो रहे हैं.

आयोजकों के मुताबिक, बुधवार दोपहर से पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं के साथ संवाद सत्र शुरू किए गए. इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों, अनुभवों और देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (CDS) जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) भी मौजूद रहे.

'2047 तक विकसित भारत का सपना युवाओं के दम पर होगा पूरा'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी. उन्होंने युवाओं को इस विकास यात्रा का सबसे बड़ा योगदानकर्ता और सबसे बड़ा लाभार्थी बताया.

चौहान ने कहा कि विकसित भारत का सपना पूरा करना देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है. इसके लिए पिछली सफलताओं से सीखने और अपनी बौद्धिक ऊर्जा का बेहतर इस्तेमाल करने की जरूरत है.

'बाहरी खतरों से ज्यादा खतरनाक आंतरिक खतरे'

वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य का जिक्र करते हुए जनरल अनिल चौहान ने कहा कि दुनिया इस समय संवेदनशील दौर से गुजर रही है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शक्ति संतुलन में बदलाव हो रहा है और विकसित देश भारत की विकास यात्रा में बाधाएं पैदा कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि कोई भी विकसित देश नहीं चाहेगा कि भारत एक सफल, विकसित और प्रभावशाली राष्ट्र बने. हालांकि, उन्होंने बाहरी चुनौतियों के साथ-साथ आंतरिक खतरों को भी गंभीर बताया.

उन्होंने कहा, "आंतरिक खतरे बाहरी खतरों से ज्यादा खतरनाक होते हैं." उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के भीतर एकजुटता, जिम्मेदारी और बौद्धिक क्षमता के बेहतर इस्तेमाल पर जोर दिया.

ये भी पढ़ें: Cabinet Briefing: असम को मिलेगा नया ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट, केंद्रीय कैबिनेट ने दी मंजूरी