Monday, 14 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ROB के डायवर्टेड रास्ते पर गड्ढे, कीचड़ और फिसलन:धार के सुनारखेड़ी अंडरपास से 20 गांव जुड़े; दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान

INT News14 September 2026 at 09:42 am

इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत धार के नागदा-गुजरी मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बन रहा है। इसके निर्माण के कारण यातायात को सुनारखेड़ी रोड के अंडरपास से मोड़ा गया था। वाहनों के लगातार दबाव से यह रास्ता अब खराब हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। सड़क पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं। इसकी सतह उखड़ गई है और कीचड़ भी रहता है। बारिश में हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां कई बार वाहन फिसलने की घटनाएं हुई हैं, खासकर दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कत आती है। सुनारखेड़ी अंडरपास का यह रास्ता सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए नहीं है। आसपास के 20 से ज्यादा गांवों के लोग इसी रास्ते से धार और मुख्य सड़क से जुड़ते हैं। रोज स्कूल जाने वाले बच्चे, कर्मचारी, मजदूर, व्यापारी और काम पर जाने वाले लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। सड़क खराब होने से लोगों का समय और परेशानी दोनों बढ़ गई है। सड़क की मरम्मत कराने की मांग

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेलवे ओवरब्रिज का काम शुरू होने के बाद इस वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल किया गया था। लगातार वाहनों के आने-जाने से सड़क पर दबाव बढ़ा और इसकी हालत खराब हो गई। लोगों ने सड़क की मरम्मत के लिए कई बार अधिकारियों को शिकायतें दी हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि रेलवे का काम पूरा होने में समय लग सकता है। तब तक इस वैकल्पिक रास्ते को सुरक्षित और आसान रखना जिम्मेदार विभागों की जिम्मेदारी है। लोगों की मांग है कि सड़क की तुरंत मरम्मत की जाए और गड्ढे भरे जाएं। बारिश में पानी भरने और फिसलन की दिक्कत दूर की जाए, साथ ही सुरक्षित इंतजाम किए जाएं।