समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर-महू में आज संघ के पथ संचलन:345 बस्तियों और 65 मंडलों में स्वयंसेवक निकालेंगे संचलन
रविवार को इंदौर और महू क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक पथ संचलन निकालेंगे। इंदौर विभाग के चार महानगरीय जिलों के 34 नगरों की करीब 345 बस्तियों और महू ग्रामीण के 6 खंडों के 65 मंडलों में संचलन आयोजित किए जाएंगे। स्वयंसेवक बस्तियों के प्रमुख मार्गों से कदमताल करते हुए निकलेंगे। इसके लिए पिछले एक महीने से तैयारियां की जा रही हैं। शाखाओं में स्वयंसेवक समता का अभ्यास भी कर रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के समापन कार्यक्रम के रूप में 28 अक्टूबर को इंदौर विभाग का वृहत एकत्रीकरण आयोजित किया जाएगा। डेली कॉलेज परिसर में शाम 4:30 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में इंदौर विभाग के पांचों जिलों के सक्रिय स्वयंसेवक शामिल होंगे। ‘चरैवेति-चरैवेति’ होगा एकत्रीकरण का संदेश एकत्रीकरण का ध्येय वाक्य ‘चरैवेति-चरैवेति’ रखा गया है। इसका संदेश है कि स्वयंसेवक राष्ट्रकार्य को निरंतर, निर्बाध और समर्पण के साथ आगे बढ़ाते रहें। संघ के सौ वर्ष पूरे होने के बाद भी राष्ट्र निर्माण और व्यक्ति परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन का कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया जाएगा। संघ के अनुसार, भारत को परम वैभव पर प्रतिष्ठित करने के उद्देश्य से स्वयंसेवक भविष्य में भी ऊर्जा, उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।