समाचार · मध्य प्रदेश
खरगोन में एक सप्ताह बाद लौटी बारिश:अब तक 18.4 इंच पानी बरसा, देजला-देवाड़ा बांध ओवरफ्लो, निचले इलाकों में अलर्ट
खरगोन जिले में एक सप्ताह के अंतराल के बाद सोमवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हुई। इस दौरान बच्चे छाता लेकर स्कूल जाते दिखे। कुकडोल में खराब रास्ते से जूझते भीगते पहुंचे। मानसून सीजन में अब तक कुल 18.4 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो जिले की वार्षिक औसत 32.6 इंच बारिश का 55.4 प्रतिशत है। पिछले साल इसी अवधि तक 12.2 इंच बारिश हुई थी। इस प्रकार, इस वर्ष अब तक पिछले साल की तुलना में लगभग डेढ़ गुना अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस बारिश से खरीफ फसलों को लाभ मिला है। खेतों में कपास, मक्का और मिर्च की फसलें बेहतर स्थिति में हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आगामी दिनों में बारिश जारी रहती है, तो फसलों की बढ़वार और उत्पादन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। देजला-देवाड़ा बांध ओवरफ्लो हो रहा
सतपुड़ा के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदियों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई है। कुंदा नदी में तेज बहाव के चलते देजला-देवाड़ा बांध ओवरफ्लो हो रहा है। अपरवेदा जलाशय का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) पिछले पांच दिनों से रात में एक गेट 20 से 75 सेंटीमीटर तक खोल रहा है, जिससे लगभग 1.1 मीटर क्षमता खाली रखी जा सके। सोमवार सुबह 10 बजे जलाशय का जलस्तर 315.800 मीटर दर्ज किया गया। एहतियात के तौर पर, निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने जलाशय और नदी किनारे के क्षेत्रों में निवासियों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है।