Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बिना तैरना जाने डूबती बच्ची की बचाई जान:उज्जैन की हेमलता 15 अगस्त को राष्ट्रपति के साथ करेंगी डिनर; ‘एट होम’ रिसेप्शन का बुलावा

INT News11 August 2026 at 02:58 pm

उज्जैन की हेमलता सूर्यवंशी ने मई में शिप्रा नदी में डूब रही 14 साल की बच्ची की जान बचाई थी। खास बात यह थी कि हेमलता को खुद तैरना नहीं आता था। उनकी इस बहादुरी के लिए उन्हें 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति भवन में होने वाले ‘एट होम’ रिसेप्शन में आमंत्रित किया गया है। हेमलता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ डिनर करेंगी। रामघाट पर डूब रही थी बच्ची

घटना मई माह में आयोजित पंचकोशी यात्रा के दौरान की है। रामघाट पर स्नान करते समय एक 14 साल की बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी। घाट पर मौजूद हेमलता ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हेमलता को तैरना नहीं आता था, फिर भी उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए बच्ची को बचाया। 'युवा आपदा मित्र' की ट्रेनिंग आई काम हेमलता ने बताया कि इसी साल 10 मार्च से 17 मार्च तक होमगार्ड स्टाफ से ‘युवा आपदा मित्र’ की सात दिन की ट्रेनिंग ली थी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उनकी तैनाती रामघाट पर की गई थी। आपदा प्रबंधन की इसी ट्रेनिंग और मौके पर तुरंत फैसला लेने की क्षमता से वे बच्ची को बचाने में सफल रहीं। 12 अगस्त को दिल्ली रवाना होंगी हेमलता 12 अगस्त को उज्जैन से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। फिलहाल वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। उनका लक्ष्य सब-इंस्पेक्टर बनकर देश की सेवा करना है। हेमलता ने आगामी सिंहस्थ मेले में भी आपदा मित्र के रूप में सेवा देने का संकल्प लिया है।