Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत में नाका तोड़कर भागी शराब से भरी कार:पुलिस ने पीछा कर ड्राइवर को किया अरेस्ट, 60 पेटी बरामद, कार जब्त

INT News11 August 2026 at 02:42 pm

सोनीपत जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान नाका तोड़कर भाग रही एक संदिग्ध सेंट्रो कार को पीछा कर पकड़ा है। कार की तलाशी लेने पर उसमें से अवैध रूप से ले जाई जा रही अंग्रेजी और देसी शराब की 60 पेटी बरामद हुई। पुलिस ने दिल्ली के नागलोई निवासी आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और कार व शराब को अपने कब्जे में ले लिया है। यह घटना बीती रात की है, जब खरखौदा पुलिस की टीम गोपालपुर रोड पर नहर के पास गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान खरखौदा की तरफ से एक काले रंग की सेंट्रो कार आती दिखी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर ने रुकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी और गोपालपुर गांव की तरफ भगा ले गया। बाड़े में घुसा आरोपी कार ड्राइवर, पुलिस ने दबोचा इसके बाद सब-इंस्पेक्टर (SI) हरि प्रकाश ने अपनी पुलिस टीम के साथ सरकारी गाड़ी से कार का पीछा करना शुरू किया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी को भी दी। आरोपी ड्राइवर कार को तेजी से भगाते हुए गोपालपुर से सोहटी रोड फिरनी पर स्थित एक बाड़े में घुस गया, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे कार सहित धर दबोचा। कार की पिछली सीट भरी थी 60 पेटी शराब पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ड्राइवर ने अपनी पहचान आकाश उर्फ फांसी, निवासी शिव राम पार्क नागलोई, दिल्ली के रूप में दी। आरोपी ने बताया कि कार में अवैध शराब लदी होने के कारण उसने पुलिस को देखकर गाड़ी भगाई थी। कार की पिछली सीट निकालकर उसमें कुल 60 पेटी अवैध शराब भरी हुई थी, जिनमें 35 पेटी फ्रेश संतरा देसी, 4 पेटी मुरथल नं-1, 12 पेटी रेस-7 और 9 पेटी नाइट ब्लू ब्रांड की शराब शामिल थी। परमिट मांगने पर छूटे पसीने, आबकारी विभाग ने की पुष्टि आरोपी कार ड्राइवर से शराब परिवहन से संबंधित वैध पास या लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद आबकारी विभाग के निरीक्षक अश्वनी को मौके पर बुलाकर भौतिक निरीक्षण कराया गया, जिन्होंने शराब के अवैध होने की लिखित रिपोर्ट दी। कार और शराब जब्त, केस दर्ज पुलिस ने सेंट्रो कार और उसमें भरी 60 पेटी अवैध शराब को कब्जे में लेकर सील कर दिया। खरखौदा थाना पुलिस ने उप-निरीक्षक हरि प्रकाश की शिकायत पर 10 अगस्त को आरोपी आकाश उर्फ फांसी के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम की धारा 61-4-2020 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।