Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

पटियाला में रंजिश में युवक की दिनदहाड़े हत्या:बहस के बाद तेजधार हथियारों से किया हमला; बचाने आया व्यक्ति भी घायल

INT News11 August 2026 at 02:53 pm

पटियाला जिले के कस्बा सनौर में रंजिश के चलते एक 24 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े तेजधार हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जशन विर्क के रूप में हुई है। वहीं हमले में जशन को बचाने आए बलदेव सिंह नामक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज राजिंदरा अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार जशन विर्क की कुछ युवकों के साथ रंजिश चल रही थी। सोमवार को जब जशन एक स्थान पर मौजूद था, तो वहां उन युवकों के साथ उसकी किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने तैश में आकर जशन पर चाकू और अन्य तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने वाले पर भी वार वारदात के दौरान वहां मौजूद बलदेव सिंह ने जब हमलावरों को रोकने और जशन को बचाने का प्रयास किया, तो बेखौफ आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में दोनों को तुरंत पटियाला के राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जशन विर्क को मृत घोषित कर दिया। बलदेव सिंह की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

इलाके में दहशत, पुलिस के खिलाफ फूटा गुस्सा इस जघन्य हत्याकांड के बाद सनौर कस्बे में दहशत और तनाव का माहौल है। मृतक के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इलाके में गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।