Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को कुचला, मौत:घर से 10 किमी दूर था युवक, भोपाल से 15 अगस्त की छुट्टी पर ग्वालियर लौट रहा था

INT News11 August 2026 at 02:51 pm

झांसी रोड थाना क्षेत्र के बायपास हाईवे पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। लखनौती पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सबसे दुखद बात यह रही कि युवक अपने घर से करीब 10 किलोमीटर दूर ही था। मृतक की पहचान कल्याण उर्फ कलियान सिंह कुशवाह, निवासी सिरोल क्षेत्र, ग्वालियर के रूप में हुई है। वह भोपाल में काम करता था और 15 अगस्त के मौके पर दो-तीन दिन की छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। ट्रेन में टिकट नहीं मिलने के कारण वह बाइक से भोपाल से ग्वालियर के लिए रवाना हुआ था। पीछे से मारी जोरदार टक्कर पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात कलियान बाइक से झांसी रोड हाईवे पर लखनौती गांव के पुल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कलियान सड़क पर जा गिरा और उसके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घर पहुंचने से सिर्फ 10 किमी पहले छूटी जिंदगी कलियान भोपाल से ग्वालियर तक का लंबा सफर तय कर चुका था। हादसे वाली जगह से उसके घर की दूरी करीब 10 किलोमीटर ही रह गई थी। परिवार घर पर उसके लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि जिस बेटे के आने की राह देख रहे हैं, वह अब कभी घर नहीं लौटेगा। 15 अगस्त की छुट्टी पर घर आने की खुशी मातम में बदल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। CCTV नहीं होने से वाहन की तलाश में जुटी पुलिस हादसे वाले स्थान पर CCTV कैमरे नहीं लगे हैं। ऐसे में पुलिस को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने में परेशानी आ रही है। झांसी रोड थाना पुलिस अब घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप और अन्य स्थानों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि किसी कैमरे में संदिग्ध वाहन कैद हुआ होगा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम किया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।