समाचार · हरियाणा
लोहारू में 5 कांवड़ियों ने गाय को कराया गंगाजल स्नान:हरकी पौड़ी से 400 किमी कांवड़ यात्रा पूरी, राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने का संकल्प
हरकी पौड़ी हरिद्वार से गंगाजल लेकर करीब 400 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा पूरी कर पांच कांवड़ भक्त लोहारू पहुंचे। शहर में श्रद्धालुओं और समाजसेवियों ने उनका स्वागत किया। लोहारू निवासी अनिल सोलंकी, रविंद्र, रोहित, रवि और रणबीर ने लगभग 41 दिनों में यह यात्रा पूरी की। उन्होंने अपनी यात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था, गोसेवा और सामाजिक एकता का संदेश दिया। ये शिवभक्त इस वर्ष 121 लीटर गंगाजल लेकर लोहारू पहुंचे हैं। भक्तों ने बताया कि पिछले वर्ष भी उन्होंने हरकी पौड़ी से 70 लीटर गंगाजल लेकर लोहारू तक की पैदल कांवड़ यात्रा की थी। इस वर्ष उन्होंने अधिक श्रद्धा और संकल्प के साथ 121 लीटर गंगाजल के साथ लगभग 400 किलोमीटर की यात्रा पूरी की। लोहारू पहुंचने पर समाजसेवी जितेंद्र भारद्वाज, रिंकू जांगिड़ और पार्षद अजय शर्मा दीपक ने कांवड़ भक्तों का मेमोंटो और पटका पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान परिवार के सदस्यों और साथियों ने डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए, जिससे उत्सव का माहौल बन गया।गो गोशाला में शिवलिंग पर किया जलाभिषेक लोहारू पहुंचने के बाद कांवड़ भक्त सबसे पहले फरटिया रोड स्थित गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोमाता को गंगाजल से स्नान करवाया और गोशाला में स्थित शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित किया। कांवड़ भक्तों ने बताया कि उनकी इस यात्रा का एक मुख्य उद्देश्य गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना भी है। इसके उपरांत, कांवड़ भक्तों ने शहर के विभिन्न मंदिरों में जाकर भगवान शिव के शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाया। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई और 'हर-हर महादेव' तथा 'बम-बम भोले' के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे।