Sunday, 9 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

विधायक बोले- 25 हजार फॉलोअर्स वाले ही अध्यक्ष कहलाने लायक:मंडल अध्यक्ष सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें; हर बैठक में होगी समीक्षा

INT News9 August 2026 at 05:47 pm

शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टामकी में भाजपा मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन की गतिविधियों के साथ सोशल मीडिया को लेकर विधायक महेंद्र यादव का बयान चर्चा में आ गया। विधायक ने कहा कि आज फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप का जमाना है, ऐसे में भाजपा के बूथ अध्यक्ष से लेकर मंडल अध्यक्ष तक सोशल मीडिया पर सक्रिय होना चाहिए। मंडल अध्यक्ष के कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स होने चाहिए, तभी वह मंडल अध्यक्ष कहलाने के लायक है। बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस के तहत 'हर घर तिरंगा' अभियान और संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की जानी थी। हालांकि बैठक में सोशल मीडिया की सक्रियता का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। विधायक महेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनता के लिए काम करने के साथ फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी सक्रिय रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 10 मिलियन फॉलोअर्स हैं, इसलिए संगठन के बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के सोशल मीडिया फॉलोअर्स भी तय संख्या में होने चाहिए। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष के कम से कम एक हजार, शक्ति केंद्र के पांच हजार और मंडल अध्यक्ष के 25 हजार फॉलोअर्स होने चाहिए। विधायक ने कहा कि सोशल मीडिया के मौजूदा दौर में संगठन की गतिविधियों और सरकार के कामों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। अगली बैठक में होगी फॉलोअर्स की समीक्षा

विधायक ने संगठन के सभी बूथ अध्यक्षों के सोशल मीडिया फॉलोअर्स की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में यह देखा जाएगा कि किस पदाधिकारी के कितने फॉलोअर्स हैं और पिछली बैठक के बाद कितने फॉलोअर्स बढ़े हैं। यानी आगामी बैठकों में सोशल मीडिया की सक्रियता और फॉलोअर्स की संख्या की भी समीक्षा किए जाने की बात कही गई। विधायक ने बूथ अध्यक्षों की भूमिका को लेकर कहा कि सरकार और संगठन की ओर से जो काम किए जा रहे हैं, उनकी जानकारी लोगों तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं को ऊपर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं का प्रमुख काम है। सोशल मीडिया पर बढ़ता भाजपा का फोकस

विधायक के इस बयान को भाजपा के संगठनात्मक कामकाज में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हाल के दिनों में दिल्ली के जंतर-मंतर से जुड़े घटनाक्रम के दौरान न्यूज चैनलों के विरोध के बीच फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की चर्चा हुई थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इंस्टाग्राम के माध्यम से अपनी बात रखी थी। ऐसे में कोलारस विधायक का संगठन के पदाधिकारियों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और फॉलोअर्स बढ़ाने पर जोर देना भाजपा के जमीनी संगठन के साथ डिजिटल पहुंच बढ़ाने की रणनीति की ओर संकेत करता है।