Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

परमार बोले- 15 दिन में होगा आवेदन का निराकरण:पन्ना के पहाड़ीखेरा शिविर में ग्रामीणों से प्रभारी मंत्री ने किया सीधा संवाद

INT News14 August 2026 at 07:50 pm

पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार ने शुक्रवार को पन्ना विकासखंड की ग्राम पंचायत पहाड़ीखेरा में 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों में प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान मंत्री परमार ने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री परमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आगामी 15 दिनों में सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी पात्र व्यक्ति को शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिलता है, तो संबंधित विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को खराब ट्रांसफार्मर अभियान मोड में बदलने के निर्देश दिए। साथ ही, भौतिक सत्यापन कर अधिक बिजली बिल की शिकायतों का तत्काल निराकरण करने को कहा। मनरेगा के तहत, उन्होंने सचिव और रोजगार सहायक को पारदर्शिता के साथ कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन लेकर पहुंचे। इनमें नामांतरण, पात्रता पर्ची, पीएम आवास, समग्र आईडी, नवीन एलपीजी कनेक्शन, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, जाति प्रमाण पत्र और अधिक बिजली बिल की शिकायतें शामिल थीं। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से 'हर घर तिरंगा' फहराने और सेल्फी अपलोड करने का आह्वान किया। उन्होंने 'मां के नाम एक पेड़' लगाने का संदेश भी दिया। इस अवसर पर हितलाभ वितरण के साथ-साथ पौधों का वितरण भी किया गया। ये हुए कार्यक्रम में शामिल इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, उपाध्यक्ष संतोष यादव, जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा, कलेक्टर ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, एसडीएम संजय नागवंशी, जनपद सीईओ जयशंकर तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।