समाचार · मध्य प्रदेश
कलेक्टर ने स्कूल में बच्चों से फसलों-सब्जियों पर सवाल पूछे:छात्रों की उपस्थिति और भोजन-पानी की गुणवत्ता जांची; शिक्षकों को समय पर स्कूल पहुंचने कहा
सिंगरौली के चितरंगी क्षेत्र के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरा में शनिवार को कलेक्टर गौरव बैनल ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाएं देखीं और कक्षा में विद्यार्थियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मौसम के अनुसार उगाई जाने वाली फसलों, सब्जियों और अन्य विषयों से जुड़े सवाल पूछे। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के जवाब सुने और उनकी समझ से संबंधित जानकारी ली। इसके बाद शिक्षकों से विद्यार्थियों की उपस्थिति और पढ़ाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली। छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने या अन्य कारणों से बच्चों की स्कूल में उपस्थिति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। शिक्षकों को बच्चों और उनके अभिभावकों से लगातार संपर्क रखने तथा विद्यार्थियों को नियमित स्कूल आने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने शिक्षकों को समय पर स्कूल पहुंचने और कक्षाओं में नियमित रूप से पढ़ाई कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने पढ़ाई में लापरवाही नहीं बरतने और शैक्षणिक व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। पेयजल-मध्यान्ह भोजन व्यवस्था देखी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्कूल में पीने के पानी की व्यवस्था भी देखी। इसके बाद मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के मुताबिक भोजन मिले और भोजन तैयार करने से लेकर परोसने तक स्वच्छता का ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही पढ़ाई के साथ दैनिक जीवन से जुड़ी जानकारी देने पर जोर दिया।