Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सतना एयर स्ट्रिप को पूर्ण एयरपोर्ट बनाने की मांग:पूर्व विधायक ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्र; अतिक्रमण हटाने की अपील

INT News10 August 2026 at 12:35 pm

सतना की ऐतिहासिक एयर स्ट्रिप को पूर्ण एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की मांग ने अब जोर पकड़ लिया है। मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है। पत्र में त्रिपाठी ने बताया कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बनाई गई यह एयर स्ट्रिप आज भी अपने पूर्ण विकास की बाट जोह रही है। उन्होंने तकनीकी रिपोर्टों का हवाला देते हुए दावा किया कि एयर स्ट्रिप की सरकारी जमीन पर मकान बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे इसके विस्तार कार्य में बड़ी बाधा आ रही है। सतना में भी हवाई कनेक्टिविटी जरूरी त्रिपाठी ने अपने पत्र में तर्क दिया कि रीवा की तरह ही सतना में भी हवाई सेवाओं का सुचारू संचालन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सतना एयरपोर्ट का विकास न केवल धार्मिक और पर्यटन के दृष्टिकोण से अहम है, बल्कि यह क्षेत्र के उद्योग, व्यापार, रोजगार सृजन और स्थानीय युवाओं के भविष्य के लिए भी मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से जिला प्रशासन को निष्पक्ष जांच के आदेश देने और बिना किसी प्रशासनिक या राजनीतिक दबाव के अतिक्रमण हटाने की मांग की है। नागरिक उड्डयन मंत्री और एएआई अध्यक्ष को भी भेजी पत्र पूर्व विधायक ने आग्रह किया है कि सतना कलेक्टर को तत्काल प्रभाव से सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए जाएं ताकि एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया को गति मिल सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पत्र की प्रतियां केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक और सतना कलेक्टर को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई हैं।