national
VIDEO: खरगे ने दिवाली को बताया 'ईद' तो भड़की बीजेपी, कहा- कांग्रेस सनातन विरोधी

खरगे ने दिवाली के मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए लोगों को शुभकामनाएं दी थीं. इस दौरान उन्होंने दिवाली को खुशियों का त्योहार बताते हुए इसे 'खुशियों का ईद' कहा. उनके इस बयान पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई है.
खरगे ने दिवाली पर क्या दिया था बयान?
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "दीपावली की शुभकामनाएं सभी को देता हूं. यह हमारे हिंदुस्तान का बहुत बड़ा त्योहार है, जिसे सभी लोग मनाते हैं. इसका एक ही कारण है कि खुशियों की एक ईद है. बहुत दिनों तक चलने वाली ईद यही है. लोगों को सुख-शांति से रहने और अपने लोगों से मिलने के लिए यह एक अच्छा त्योहार है."
बीजेपी ने खरगे पर लगाया तुष्टिकरण का आरोप
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने दिवाली को 'खुशियों का ईद' बताया है. दिवाली के दिन भी कांग्रेस को तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति ही दिखाई देती है.
भंडारी ने अपने पोस्ट में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर दिए गए बयान का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन सोनिया गांधी बाबरी मस्जिद विध्वंस पर दुख जताती हैं और दूसरे दिन खरगे दिवाली के संदेश में तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं. उन्होंने कांग्रेस को सनातन विरोधी बताया.
सोनिया गांधी के बयान को लेकर भी सियासी घमासान
दरअसल, सोनिया गांधी ने अपनी आगामी किताब Belonging: A Journey of Love के विमोचन से पहले ब्रिटिश अखबार 'द गार्जियन' को दिए इंटरव्यू में बाबरी मस्जिद विध्वंस का जिक्र किया था.
उन्होंने 6 दिसंबर 1992 की घटना को याद करते हुए कहा था कि टीवी पर बाबरी मस्जिद विध्वंस की तस्वीरें देखकर वह रो पड़ी थीं. सोनिया गांधी ने यह भी कहा था कि इस घटना से उन्हें एहसास हुआ कि भारत के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को बचाए रखने के लिए लंबा संघर्ष करना होगा.
उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि कांग्रेस कई मामलों में आत्मसंतुष्ट रही, जिसने बीजेपी और उसकी हिंदुत्व की राजनीति के उभार में कुछ हद तक योगदान दिया.
सुधांशु त्रिवेदी ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना
सोनिया गांधी के बयान पर बीजेपी सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी कांग्रेस को घेरा था. उन्होंने दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि कांग्रेस के मन में मुगल शासक बाबर के प्रति सहानुभूति रही है. त्रिवेदी ने कहा कि इससे पता चलता है कि बाबर उस समय भी कांग्रेस के दिल में था और आज भी वहीं है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: दिवाली को ईद बताकर घिरे खरगे, सोशल मीडिया यूजर ने पूछा- पाकिस्तान से हैं क्या?