समाचार · झारखंड
SIR: नाम हटाने के 3,846 और संशोधन के 21,516 आवेदन, जानें कब आयेगी अंतिम सूची

गढ़वा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत गढ़वा जिले में फॉर्म-6 के कुल 31,404 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से 16,587 और गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से 14,817 आवेदन शामिल हैं. 29 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 28 अक्टूबर को भवनाथपुर में 75 और गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में 46 आवेदन प्राप्त हुए.
नाम जोड़ने के लिए 31 हजार से अधिक आवेदन
एसआइआर के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के आवेदन लिये जा रहे हैं. जिले में अब तक दोनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर 31,404 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. इसके अलावा फॉर्म-6ए के तहत जिले में दो आवेदन मिले हैं.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में अर्नब तूफान की बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, धान की फसल पर खतरा
नाम हटाने के लिए 3,846 आवेदन प्राप्त
मतदाता सूची से नाम हटाने से संबंधित फॉर्म-7 के तहत जिले में कुल 3,846 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से 3,586 और गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से 260 आवेदन शामिल हैं. वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के तहत कुल 21,516 आवेदन मिले हैं. इनमें गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से 10,931 और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से 10,585 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
31 अक्टूबर तक दावे-आपत्तियां, 30 नवंबर को अंतिम सूची
एसआइआर के तहत दावा और आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गयी है. प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि तक मिलने वाले दावों और आपत्तियों का निबटारा 23 नवंबर तक किया जायेगा. इसके बाद 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जायेगी. मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में संशोधन कराने के इच्छुक लोगों के लिए निर्धारित समय सीमा में आवेदन करना महत्वपूर्ण है.
ये भी पढ़ें: राजस्व उपनिरीक्षक की हत्या के विरोध में काला बिल्ला लगाकर किया काम